दिल्ली में पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण, ग्रुप-सी नौकरियों में बड़ा फैसला
- BREAKING NEWS DELHI Education & Career INDIA NEWS STATE TRENDING viral
RIYA
- June 18, 2026
- 0
- 1
- 5 minutes read
दिल्ली: दिल्ली में पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली सरकार ने ग्रुप-सी की भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का निर्णय लिया है। इस नीति को लागू करने के लिए गुरुवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में चीफ सेक्रेटरी, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। एलजी कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर दी गई जानकारी के अनुसार, यह आरक्षण पुलिस कांस्टेबल, फायरमैन, जेल वार्डर, फॉरेस्ट गार्ड और वाइल्डलाइफ गार्ड सहित विभिन्न ग्रुप-सी पदों पर लागू होगा। इसके तहत पूर्व अग्निवीरों को सीधी भर्ती में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।
पोस्ट में कहा गया कि यह पहल केंद्र सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप है और इसका उद्देश्य पूर्व अग्निवीरों की ट्रेनिंग, अनुशासन और कौशल का बेहतर उपयोग करना है। साथ ही यह भी कहा गया कि इन युवाओं को उनकी क्षमताओं के आधार पर विभिन्न विभागों में तैनात करने की सुविधा भी दी जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन 30 जून तक पूरा करें, ताकि नई व्यवस्था को समय पर लागू किया जा सके। दिल्ली सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल पूर्व अग्निवीरों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि राजधानी की प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी। सरकार के अनुसार, इस नीति के तहत सभी पात्र पूर्व अग्निवीर आवेदन कर सकेंगे और चयन प्रक्रिया में उन्हें आरक्षण का लाभ मिलेगा।
इस निर्णय को राजधानी में रोजगार नीति और सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।