महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार, रन आउट के शर्मनाक रिकॉर्ड में भी नंबर-1
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तानी महिला टीम का प्रदर्शन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टूर्नामेंट में टीम को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है, जिससे सेमीफाइनल की राह लगभग मुश्किल होती दिख रही है।
12 जून से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अब तक ग्रुप-ए और ग्रुप-बी मिलाकर कुल 11 मुकाबले खेले जा चुके हैं। 17 जून को एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया। यह मैच अंतिम ओवरों तक रोमांचक रहा, लेकिन पाकिस्तान की कमजोर बल्लेबाजी और फील्डिंग एक बार फिर टीम की हार का कारण बनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की महिला टीम 127 रन ही बना सकी। जवाब में साउथ अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय 93 रन पर अपनी आधी टीम गंवा दी थी, जिससे पाकिस्तान को वापसी का मौका मिला, लेकिन अफ्रीकी टीम ने धैर्य बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में पाकिस्तान की सबसे बड़ी कमजोरी उनकी रनिंग बिटवीन द विकेट्स और बल्लेबाजों के बीच तालमेल की कमी रही। टीम के चार खिलाड़ी रन आउट होकर पवेलियन लौटे, जिसने उनकी पारी को पूरी तरह लड़खड़ा दिया। इसके साथ ही पाकिस्तान महिला टीम के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन आउट होने वाली टीमों में अब पाकिस्तान पहले स्थान पर पहुंच गई है। अब तक पाकिस्तान की महिला टीम के कुल 41 खिलाड़ी रन आउट हो चुके हैं। इस सूची में पहले स्थान पर रही भारतीय महिला टीम अब दूसरे स्थान पर खिसक गई है, जिनके 40 खिलाड़ी रन आउट हुए हैं। श्रीलंका महिला टीम 39 रन आउट के साथ तीसरे, वेस्टइंडीज 38 के साथ चौथे और ऑस्ट्रेलिया 35 के साथ पांचवें स्थान पर है। पाकिस्तान को टूर्नामेंट में इससे पहले अपने पहले मैच में भारत के खिलाफ 64 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी थी। लगातार दो हार के बाद टीम का ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ना अब बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। ग्रुप-ए में पाकिस्तान की टीम फिलहाल पांचवें स्थान पर है और अब तक उनका खाता नहीं खुला है। टीम का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम से होना है, जो उनके लिए एक और बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। लगातार खराब बल्लेबाजी, रन आउट की गलतियां और दबाव में बिखरती रणनीति ने पाकिस्तान के अभियान को संकट में डाल दिया है, जबकि अन्य टीमें सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर रही हैं।