ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को दीं 7 सलाह, बोले- कांग्रेस की सीटें बढ़ानी हैं तो इन बातों पर करें अमल

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। रिजिजू ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर राहुल गांधी को सफल होने के लिए सात सलाह दीं। उन्होंने दावा किया कि यदि राहुल गांधी इन सुझावों पर अमल करते हैं, तो कांग्रेस पार्टी के सांसदों की संख्या बढ़ सकती है।

बीते कुछ दिनों से भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी हो रही है। राहुल गांधी केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं भाजपा नेता उनके बयानों पर पलटवार कर रहे हैं। इसी सियासी खींचतान के बीच रिजिजू ने राहुल गांधी को लेकर यह पोस्ट किया है।

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को क्या दीं 7 सलाह?

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर लिखा कि राहुल गांधी कुछ कदम उठाकर कांग्रेस पार्टी की चुनावी स्थिति बेहतर कर सकते हैं। उनकी ओर से दी गई सात सलाह इस प्रकार हैं:

  1. भारत में अधिक समय बिताएं: रिजिजू ने राहुल गांधी से भारत में ज्यादा समय बिताने और बार-बार चुपचाप विदेश यात्राओं पर जाने से बचने को कहा।
  2. वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करें: उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को वरिष्ठों का सम्मान करना चाहिए और उनसे सीख लेनी चाहिए।
  3. भारत-विरोधी लोगों से दूरी रखें: रिजिजू ने राहुल गांधी से ऐसे लोगों से न मिलने और उनके एजेंडे को बढ़ावा न देने की सलाह दी।
  4. राजनीतिक विरोध को दुश्मनी न बनाएं: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को भाजपा, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत खत्म कर भाजपा को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखना चाहिए।
  5. संसद को गंभीरता से लें: रिजिजू ने संसद की बहसों और चर्चाओं में अधिक गंभीरता से हिस्सा लेने तथा सांसदों को चर्चा में भाग लेने देने की बात कही।
  6. संविधान और संस्थाओं का सम्मान करें: उन्होंने राहुल गांधी से संविधान के साथ-साथ संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने को कहा।
  7. कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र को बढ़ावा दें: रिजिजू ने कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से काम करने देने और परिवारवादी राजनीति खत्म करने की सलाह दी।

रिजिजू ने अपनी पोस्ट में कहा कि इन कदमों से कांग्रेस पार्टी अधिक सांसदों को चुनाव जिताने में सक्षम हो सकती है।

राहुल गांधी की डिबेट चुनौती पर भी रिजिजू का निशाना

हाल ही में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती दी थी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। रिजिजू ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संसद बहस और चर्चा का मंच है, लेकिन जो लोग लोकतंत्र, बहस और चर्चा में विश्वास नहीं रखते, वे अब बहस की बात कर रहे हैं।

रिजिजू ने अपनी टिप्पणी में राहुल गांधी की तुलना कुछ अन्य समूहों से करते हुए कहा कि यह वैसा ही है, जैसे इस्लामी कट्टरपंथी धर्मनिरपेक्षता की बात करें, अलगाववादी भारतीय झंडा थामें या अराजकतावादी संविधान की किताब दिखाएं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत के दुश्मनों के एजेंडे को आगे बढ़ाने के बाद दूसरों पर विदेशी समर्थन का आरोप लगाना खुद का मजाक उड़ाने जैसा है। रिजिजू ने कहा कि उच्च स्तर की बहस समझदार और परिपक्व लोगों के बीच होती है।

चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर राहुल गांधी के आरोप

राहुल गांधी बीते कई दिनों से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ बयान दे रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली के दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर टिप्पणी की थी और चुनाव में कथित ‘वोट चोरी’ के आरोप दोहराए थे।

राहुल गांधी के इन आरोपों के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। अब किरेन रिजिजू की सात सलाह वाली पोस्ट ने दोनों दलों के बीच जारी बयानबाजी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *