• June 18, 2026

गुना की ‘वफल वाली’ बहनों का साहस: मनचले की धुनाई के बाद प्रशासन ने की सराहना

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के गुना जिले से महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक और साहसिक घटना सामने आई है, जहां वफल (Waffle) बेचने वाली चार बहनों ने छेड़छाड़ करने वाले एक मनचले को सबक सिखा दिया। घटना के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इन बहनों की जमकर सराहना हो रही है। यह घटना एबी रोड स्थित संजय स्टेडियम के पास की है, जहां ये बहनें अपनी मां के साथ वफल काउंटर संचालित करती हैं। बताया जाता है कि हाल ही में एक मनचला पास के पार्क में एक बच्ची का पीछा कर रहा था और उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। डर के मारे बच्ची रोते हुए वफल काउंटर पर पहुंची और पूरी घटना इन बहनों को बताई। स्थिति को गंभीर देखते हुए जब बहनों ने आरोपी का विरोध किया तो उसने उनके साथ भी बदसलूकी और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद बहनों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया। घटना के बाद कैंट थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद बुधवार को जिला प्रशासन भी सक्रिय हुआ। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक हितिका वासल और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी स्वयं वफल काउंटर पर पहुंचे। अधिकारियों ने बहनों की बहादुरी की सराहना की और उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि समाज में महिलाओं और युवतियों के लिए सुरक्षित माहौल बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, उत्पीड़न या धमकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इन चारों बहनों ने कठिन परिस्थितियों में अपने पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए यह वफल व्यवसाय शुरू किया था। मेहनत और आत्मनिर्भरता के दम पर उन्होंने शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्थानीय स्तर पर ‘वफल वाली बहनें’ के नाम से पहचानी जाने वाली ये युवतियां रोज शाम से देर रात तक काउंटर संभालती हैं और अपने परिवार का सहारा बनी हुई हैं। प्रशासन ने कहा कि इन बहनों का साहस अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा है और यह घटना इस बात का उदाहरण है कि आत्मनिर्भर और साहसी बेटियों के साथ पूरा प्रशासन खड़ा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *