चुनाव आयोग ने 5 राज्यों और पुडुचेरी से हटाई आचार संहिता, बंगाल की फलता सीट पर जारी रहेगी MCC
भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद आदर्श आचार संहिता (MCC) हटाने का ऐलान कर दिया है।
निर्वाचन आयोग के अवर सचिव प्रफुल्ल अवस्थी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 4 मई को मतगणना पूरी होने के बाद सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा में हुए उपचुनावों के नतीजे भी आ चुके हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
फलता सीट पर जारी रहेगी आचार संहिता
हालांकि, पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर आदर्श आचार संहिता अभी लागू रहेगी। निर्वाचन आयोग ने यहां चुनाव के दौरान गंभीर गड़बड़ियों और चुनावी अपराधों के आरोपों के चलते मतदान रद्द कर दोबारा चुनाव कराने का फैसला लिया है।
फलता विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत मतदान हुआ था, लेकिन आयोग ने फ्रेश पोल का आदेश देते हुए 21 मई को पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। इस सीट का परिणाम 24 मई को घोषित किया जाएगा।
आचार संहिता हटने के बाद क्या बदलेगा?
आचार संहिता हटने के बाद अब संबंधित राज्यों की सरकारें नई योजनाओं की घोषणा, प्रशासनिक तबादले, सरकारी भर्तियां और नीतिगत फैसले ले सकेंगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से इन सभी गतिविधियों पर रोक लगी हुई थी।
चुनाव परिणामों की तस्वीर
हालिया विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने असम और पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई है। वहीं पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन ने दोबारा सत्ता हासिल की है।
तमिलनाडु में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला और परिणाम त्रिशंकु रहे। यहां अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जिसे 108 सीटें मिलीं।
वहीं केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के नेतृत्व में कांग्रेस गठबंधन ने सरकार बनाई है।