असम में NDA की प्रचंड जीत, हिमंत विश्व शर्मा की ‘भविष्यवाणी पर्ची’ हुई वायरल
असम विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ NDA राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है। खास बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पहली बार अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा पार किया है।
चुनाव परिणामों के अनुसार, बीजेपी ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की। उसके सहयोगी दलों में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 11 सीटों पर चुनाव लड़कर 10 सीटें जीतीं, जबकि असम गण परिषद ने 26 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर 10 सीटों पर जीत हासिल की।
इसी बीच, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की एक पुरानी ‘पर्ची’ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि 9 अप्रैल को मतदान समाप्त होने के बाद उन्होंने संभावित नतीजों का अनुमान एक कागज पर लिखा था। एक महीने बाद आए वास्तविक नतीजे उनके अनुमान के बेहद करीब रहे।
हिमंत विश्व शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “9 अप्रैल को जब असम में मतदान समाप्त हुआ, तो मैंने हमेशा की तरह एक कागज पर संभावित नतीजों को लेकर अपने विचार लिखे थे। एक महीने बाद हमें जनता का ऐतिहासिक समर्थन मिला और हमने अपने सर्वश्रेष्ठ अनुमान से भी एक सीट अधिक जीती। मैं खुद को बेहद विनम्र और आभारी महसूस कर रहा हूं।” उन्होंने अपनी वह पर्ची भी साझा की, जिसमें ‘बेस्ट’ के लिए 101 सीटें, ‘बेटर’ के लिए 90+ सीटें और ‘वर्स्ट’ के लिए 88+ सीटों का अनुमान दर्ज था।
वहीं, इस चुनाव में विपक्ष को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस को केवल 19 सीटों पर जीत मिली, जबकि बदरुद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ और अखिल गोगोई की रायजोर दल को 2-2 सीटें ही मिल सकीं। तृणमूल कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट पर संतोष करना पड़ा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई भी इस चुनाव में हार गए। वे जोरहाट सीट पर बीजेपी के हितेंद्रनाथ गोस्वामी से 23,181 वोटों के अंतर से पराजित हुए। उल्लेखनीय है कि गौरव गोगोई तीन बार सांसद रह चुके हैं और उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी सीट से जीत हासिल की थी।