ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चिराग, पुष्पम प्रिया और पीके… बिहार की 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे इन नेताओं के दल

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने हाल ही में 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही थी. चिराग के अलावा बिहार में कई नेताओं की पार्टियां सभी सीटों पर तैयारी कर रही हैं.

बिहार विधानसभा चुनाव करीब हैं. अक्तूबर-नवंबर तक विधानसभा चुनाव होने हैं और गठबंधनों में सीट शेयरिंग पर मंथन तेज हो गया है. राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की अगुवाई वाले महागठबंधन में बैठकों का दौर चल रहा है. वहीं, सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट शेयरिंग पर औपचारिक बातचीत की शुरुआती अभी नहीं हुई है, लेकिन दावेदारियों का दौर जोरों पर है.

चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 70 सीटों पर दावा कर रही है. वहीं, जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (लोकतांत्रिक) भी 15 से 20 सीटें चाह रही है. चिराग तो 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कह चुके हैं. कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ती है, यह चुनाव में ही पता चलेगा. लेकिन आज बात उन नेताओं की, जिनकी पार्टियां बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं.

चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी एलजेपीआर बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) की अगुवाई वाले एनडीए में शामिल है. चिराग पासवान ने आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में एलजेपीआर की नव संकल्प सभा में यह ऐलान किया था कि मैं बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ूंगा. चिराग ने इसी रैली में खुद के भी विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे और कहा था कि ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के लिए चुनाव लड़ूंगा. बिहार और बिहारियों के लिए चुनाव लड़ेंगे.

उन्होंने कहा था कि हमारा गठबंधन सिर्फ और सिर्फ बिहार की जनता के साथ है. चिराग के इस बयान पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा था कि एलजेपीआर प्रमुख ने एनडीए के साथ चुनाव लड़ने की बात कही है. वहीं, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष ने इस बयान की जानकारी न होने की बात कही थी. चिराग के तेवरों ने एनडीए की टेंशन बढ़ा दी है.

पुष्पम प्रिया

पुष्पम प्रिया चौधरी 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले समाचार पत्रों में विज्ञापन देकर खुद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर चर्चा में आई थीं. पुष्पम प्रिया ने खुद दो सीटों से चुनाव लड़ा था और उनकी पार्टी प्लूरल्स ने 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. हालांकि, प्लूरल्स अपने डेब्यू चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत सकी थी. पुष्पम प्रिया ने इस बार बिहार की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है. उन्होंने साथ ही यह भी कहा है कि जब तक जीवित हूं, हमारी पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी.

प्रशांत किशोर

चुनाव रणनीतिकार से राजनेता बने जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने एक साल पहले ही जन सुराज पार्टी का ऐलान किया था. पीके की पार्टी भी सूबे की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. पीके यह ऐलान कर चुके हैं कि जन सुराज पार्टी 243 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी. उन्होंने किसी भी दल के साथ गठबंधन की संभावनाओं को भी खारिज करते हुए यह साफ कह चुके हैं कि चुनाव से पहले या चुनाव के बाद, जन सुराज पार्टी किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी.

शिवदीप लांडे

भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी शिवदीप लांडे ने कुछ महीने पहले ही हिंद सेना नाम से अपनी पार्टी बनाने का ऐलान किया था. बिहार पुलिस में आईजी के पद से इस्तीफा देकर राजनीति में उतरे शिवदीप लांडे ने भी सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर रखा है. शिवदीप विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी जुटे हैं. वह अलग-अलग जिलों का दौरा कर हिंद सेना के संगठन को मजबूत करने, लोगों खासकर युवाओं को संगठन से जोड़ने की कवायद में जुटे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *