ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दिल्ली के बाल सुधार गृह में किशोर की पीट-पीटकर हत्या… नहाने को लेकर हुए झगड़े में ले ली जान

दिल्ली के मजनू का टीला स्थित एक बाल सुधार गृह में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां रह रहे एक किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि यह झगड़ा नहाने के दौरान शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया. विवाद में बीच-बचाव करने आया एक अन्य लड़का ही बाद में हमलावर बन बैठा और किशोर को बुरी तरह पीट दिया. घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया

राजधानी दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में स्थित एक बाल सुधार गृह में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 17 वर्षीय करण के रूप में हुई है. यह घटना उस समय हुई, जब कुछ किशोर नहाने के दौरान आपस में झगड़ पड़े.

पहले मामला मामूली विवाद लग रहा था, लेकिन देखते ही देखते हिंसा में तब्दील हो गया. प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बाल सुधार गृह के बाथरूम में नहाने को लेकर दो किशोरों के बीच बहस हो गई थी. इस झगड़े में एक तीसरा किशोर भी बीच-बचाव के लिए आया, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई़. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी किशोर ने बीच-बचाव करने के बाद करण पर अचानक हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.

बताया जा रहा है कि करण को लगातार मुक्कों और लातों से पीटा गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई. सुधार गृह के कर्मचारियों ने आनन-फानन में घायल करण को पास के हिंदू राव अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है.

करण के शव का पोस्टमार्टम हिंदू राव अस्पताल में किया जाएगा. इस पूरे मामले की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की विस्तृत पुष्टि हो सकेगी. पुलिस बाल सुधार गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि झगड़े की असली वजह और घटनाक्रम का पता चल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *