योजनाओं का लाभ लेने को कतार में न लगना पड़े,ऐसी व्यवस्था कर रही सरकार:कमलेश ढांडा
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में सरकार प्रदेश के हर कोने में बुनियादी विकास कार्यों को सुनिश्चित करने पर पूरा ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ लोगों को मिल रहा है।
आमजन को किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए कतार में नहीं लगना पडे, इसके लिए लाभार्थियों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ देने की दिशा में शासन, प्रशासन काम कर रहा है। रविवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने पूंडरी विधानसभा में गांव रसीना में बस स्टैंड वाली चौपाल, गांव सिरसल में रोड चौपाल, गांव हाबडी में सरकारी स्कूल, गांव हजवाना में पाई रोड स्थित सामुदायिक चौपाल व गांव डीग में शिव मंदिर हाल परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम किए।
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने जनसंवाद कार्यक्रम में गैर हाजिर रहने पर तहसीलदार पूंडरी व डीएफएससी कैथल को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों व विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंची राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संकल्प है कि केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार, पात्र नागरिक तक पहुंचे। आज वृद्धावस्था पेंशन से लेकर छात्रवृति तक सीधे उनके बैंक खाते में पहुंच रही है।
अब तक प्रदेश में एक लाख 8 हजार युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक ढांड, पूर्व विधायक तेजवीर सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुभाष हजवाना, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनीता चौधरी, एससी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र पांचाल, जिला पार्षद देवेंद्र पुजारी, पार्षद प्रतिनिधि जोगेंद्र टाया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आदित्य भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष देवीदयाल बरसाना, जितेंद्र टाया, विनोद बंसल, बीरबल रसीना, रणजीत सिंह, संजीव आदि मौजूद रहे।



