October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चमोली में स्वरोजगार के लिए 50 आवेदकों को प्रशासन ने दी 11 करोड़ से अधिक ऋण आवंटन की मंजूरी

पर्यटन विभाग की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं में आवेदकों के साक्षात्कार के लिए शुक्रवार को क्लेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी हिमांशु खुराना की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई। इसमें समिति की ओर से वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार, दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास और ट्रैकिंग ट्रक्शन योजनाओं के अन्तर्गत 50 आवेदकों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन करते हुए स्वरोजगार के लिए 11 करोड़, 15 लाख, 36 हजार ऋण आवंटन की स्वीकृति प्रदान की गई।

वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत चयन समिति ने वाहन मद में पांच तथा गैर वाहन मद में सात, होम स्टे में 14 और ट्रैकिंग ट्रक्शन सेंटर-होम स्टे अनुदान के तहत 24 लाभार्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया गया। गैर वाहन मद में होटल, मोटल, फास्ट फूड सेन्टर, वर्कशॉप आदि के संचालन हेतु चारों आवेदन स्वीकृत किए गए। चयनित लाभार्थियों को बैंक में जरूरी दस्तावेज जमा करते हुए जल्द से जल्द स्वरोजगार करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा ने बताया कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत गैर वाहन मद में होटल-मोटल, फास्ट फूड सेंटर, वर्कशॉप आदि के लिए 33 प्रतिशत अनुदान पर 40 लाख की सीमा तक तथा वाहन मद में व्यावसायिक वाहन खरीद के लिए 25 प्रतिशत अनुदान पर ऋण स्वीकृत किया जाता है।

शासन की ओर से ट्रैकिंग ट्रक्शन सेंटर-होम स्टे नाम से अनुदान योजना संचालित है। इस योजना के तहत जनपद के जोशीमठ ब्लाक में तपोवन-भविष्य बद्री ट्रैकिंग टंक्शन में तपोवन, सुभाई, रिंगी और सलधार गांव चयनित है। देवाल में लोहाजंग ट्रैकिंग ट्रक्शन के तहत लोहाजंग, मुन्दोली, वांक, कुलिंग, वाण, दिदीनी, वलाण, हिमनी तथा घेस चयनित है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत चयनित गांवों में होम स्टे के नव निर्माण के लिए 60 हजार प्रतिकक्ष की दर से अधिकतम छह कक्षों के लिए अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। होम स्टे की मरम्मत के लिए 25 हजार प्रतिकक्ष की दर से अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। जिला स्तरीय चयन समिति में मुख्य विकास अधिकारी डा.ललित नारायण मिश्र, एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक चंचल बोहरा, लीड बैंक अधिकारी जीएस रावत आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.