ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर रेस्क्यू टीम मुस्तैद, अब तक 46,335 श्रद्धालुओं का उपचार

केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेस्क्यू टीम के जवान देवदूत साबित हो रहे हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं का रेस्क्यू कर उन्हें उचित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रा के दौरान अब तक 46,335 श्रद्धालुओं का उपचार किया जा चुका है।

सरकार ने यात्रा के दौरान बीमार एवं चोटिल यात्रियों को रेस्क्यू करने और उन्हें उपचार दिलाने के लिए डीडीएमए, यात्रा मैनेजमेंट फोर्स, पीआरडी जवान, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं पुलिस बल लगातार कार्य कर रहे हैं। गुरुवार को मध्य प्रदेश से केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर 69 वर्षीय की उर्मिला देवी के पैर में फ्रैक्चर हो गया। रेस्क्यू टीम ने पहले उन्हें विवेकानंद अस्पताल पहुंचाया। बाद में पैर पर प्लास्टर लगने के बाद उन्हें हेलीपैड तक पहुंचाया। इसी तरह तेलांगाना की यात्री 36 वर्षीय डुंडा लाहरी भीमबली के समीप घोड़े से नीचे गिर गईं। उन्हें डीडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने पहले भीमबली एमआरपी पहुंचाया। बाद में उसे मिठ्ठी पानी, जंगलचट्टी, चीरबासा से गौरीकुण्ड तक विभिन्न पड़ावों की रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षित रुद्रप्रयाग रवाना किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचसीएस मार्तोलिया ने बताया कि यात्रा प्रारंभ होने से अब तक ओपीडी एवं इमरजेंसी के माध्यम से 46,335 श्रद्धालुओं का उपचार किया गया है। इसके अलावा 2790 श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं आपात स्थिति के तहत 4024 श्रद्धालुओं का उपचार किया जा चुका है। जबकि अति आपातकाल जैसी स्थिति में अब तक 32 श्रद्धालुओं को विभिन्न क्षेत्रों से रेस्क्यू टीम ने गौरीकुंड तक रेस्क्यू कर एंबुलेंस के माध्यम से तथा 23 को हैली के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया जा चुका है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मार्तोलिया ने बताया कि केदारनाथ धाम में स्वास्थ्य विभाग ने 17001 श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग भी की है। जिला प्रशासन ने हर पड़ाव पर रेस्क्यू टीम तैनात की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *