ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

योगी ने गरीबों को सौंपी माफिया अतीक के कब्जे से मुक्त कराई जमीन पर बने आवास की चाॅबी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के लूकरगंज में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गयी जमीन पर बने आवास की चाॅबी गरीबोें को सौंपी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने 767.76 करोड़ की 226 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी इस अवसर पर किया।

मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश सरकार के मंत्री नन्द गोपाल नन्दी भी उपस्थित हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को बिस्कुट और चाॅकलेट वितरण किया और परिसर में वृक्षारोपण किया।

लूकरगंज के लीडर प्रेस मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गयी जमीन पर गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास बनाये गये हैं। 76 गरीब परिवारों को आज आवास मिला है। प्रयागराज की धरती पर यह ऐतिहासिक काम हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कोई माफिया किसी गरीब को परेशान नहीं कर सकता। 2017 से पहले माफिया गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे। हमारी सरकार में लगातार माफियाओं पर कार्रवाई हो रही है। आज गरीबों को प्रधानमंत्री आवास मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। उत्तर प्रदेश में 54 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास मिला है। इस अवसर पर सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी और पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *