ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

फाइलेरिया रोग को हरायेंगे, 10 अगस्त से बचाव की दवा खायेंगे

 स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में सरसौल ब्लॉक के अन्तर्गत दीपापुर व नवोदयनगर गांवों में बुधवार को फाइलेरिया जागरूकता अभियान चलाया गया। दीपापुर में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने फाइलेरिया जागरूकता रैली निकाली। बच्चों ने संदेश दिया कि 10 अगस्त से सभी गांवों में आशाबहुएं घर-घर फाइलेरिया बचाव की दवा खिलाएंगी, सभी लोगों को दवा खाना है। नवोदयनगर में महिलाओं ने जागरूकता रैली निकाली और नुक्कड़ चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को संदेश दिया कि 10 अगस्त से फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का अभियान शुरू होगा। इस दौरान सभी लोग यह दवा अवश्य खाएं।

ग्राम दीपापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में श्री बजरंग बली फाइलेरिया नेटवर्क समूह के सदस्य बसंत लाल गुप्ता ने बच्चों को बताया कि फाइलेरिया संचारी व लाइलाज रोग है, जो क्यूलेक्स मच्छर से फैलता है। जब यह मच्छर किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है तो फाइलेरिया के विषाणु रक्त के जरिए उसके शरीर में प्रवेश कर उसे भी फाइलेरिया से ग्रसित कर देते हैं। ये विषाणु शरीर में धीरे-धीरे विस्तार कर 5 से 10 वर्षों बाद तक अटैक करते हैं। यह लटकने वाले अंगों हाथ, पैर, महिलाओं के स्तन तथा पुरुषों के अण्डकोष में होता है।

फाइलेरिया होने पर जाड़ा देकर बुखार आता है और इनमें से किसी अंग में सूजन आ जाती है। इससे बचने के लिए प्रति वर्ष फाइलेरिया रोधी दवा सबको खानी है। केवल तीन लोगों को यह दवा नहीं खानी है, दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं व असाध्य रोग से पीड़ित लोगों को। एक से दो वर्ष के बीच के बच्चों को सिर्फ पेट के कीड़े मारने की दवा दी जाएगी। विद्यालय के अध्यापक हनुमान प्रसाद ने बच्चों को सदैव स्वच्छता रखने की सीख दी। फिर प्रधानाध्यापिका सारिका मिश्रा के नेतृत्व में बच्चों ने गांव में जागरूकता रैली निकाली।

ग्राम नवोदयनगर (उड़ंगाखेड़ा) में मां काली फाइलेरिया नेटवर्क समूह के सदस्यों ने आगामी 10 अगस्त से शुरू होने वाले अभियान के दौरान फाइलेरिया रोधी दवा खाने और सभी को खिलाने की शपथ ली। नेटवर्क सदस्य बबली देवी गुप्ता व सुशीला उत्तम ने महिलाओं से फाइलेरिया पर चर्चा की। उन्होंने फाइलेरिया संबंधी जानकारियां देकर आह्वान किया कि सभी लोग फाइलेरिया रोधी जरूर खाएं।

इस अवसर पर आशाबहू राधा साहू, नेटवर्क सदस्य सुखदेवी दिवाकर, ब्रह्मावती सोनी, विशुना उत्तम, कमलेश कुमारी उत्तम, गोमती साहू, मुस्कान सोनी, हरिशंकर साहू के अलावा अनीता सोनी, विमला दिवाकर, निर्मला देवी, सीफार प्रतिनिधि निमिषा त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *