दिल्ली में MTS कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! अब हर महीने मिलेंगे 18 हजार रुपये वेतन, 4 हजार कर्मचारियों को फायदा
दिल्ली में MTS कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! अब हर महीने मिलेंगे 18 हजार रुपये वेतन, 4 हजार कर्मचारियों को फायदा
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम (MCD) के MTS (पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों के लिए आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। दिल्ली सरकार के फैसले के तहत इन कर्मचारियों को अब न्यूनतम 18,000 रुपये मासिक वेतन के साथ महंगाई भत्ता (DA) भी मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से करीब 4,000 कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सरकार ने यह फैसला समान कार्य के लिए समान वेतन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया है। कार्यक्रम में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर मोनिका पंत, MCD की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
‘कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करेगी सरकार’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट X पर कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि MCD के MTS पब्लिक हेल्थ कर्मचारियों के लिए समान कार्य, समान वेतन का निर्णय महत्वपूर्ण है और इससे करीब 4,000 कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली की सेवा में जुटे प्रत्येक कर्मचारी के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि तथा नर्सिंग इंटर्न के मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया।
रेखा गुप्ता ने कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कर्मचारियों से इसी लगन और समर्पण के साथ दिल्ली की सेवा करते रहने की अपील भी की।
30 साल से दिल्ली के लोगों की सेवा कर रहे कर्मचारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जन स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए लिया गया यह निर्णय उनके करीब तीन दशकों के समर्पण, संघर्ष और दिल्ली की सेवा का सम्मान है।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, इन कर्मचारियों की नियुक्ति वर्ष 1996 में दिल्ली में डेंगू के प्रकोप के दौरान की गई थी। तब से वे घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और जन स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि लंबे समय से दिल्ली की सेवा कर रहे इन कर्मियों के काम और समर्पण को सम्मान दिया जाना जरूरी है।
‘कर्मचारी सरकार का चेहरा होते हैं’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकारी कर्मचारियों की जिम्मेदारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे जुड़े कर्मचारी सरकार का चेहरा होते हैं और उनका व्यवहार ही लोगों के बीच सरकार की छवि बनाता है।
उन्होंने कर्मचारियों से नागरिकों के साथ विनम्रता और संवेदनशीलता से पेश आने की अपील की। मुख्यमंत्री के मुताबिक, लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
दिल्ली सरकार के इस फैसले को MCD के पब्लिक हेल्थ कर्मचारियों के वेतन और अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। इससे करीब 4,000 कर्मचारियों को न्यूनतम मासिक वेतन और महंगाई भत्ते का लाभ मिलने की बात कही गई है।
