ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पलवल: राजकीय कन्या स्कूल में लगाया मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता शिविर

 हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत राजकीय कन्या उच्च विद्यालय पृथला में बुधवार को मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन सिविल सर्जन डा. लोकवीर के दिशा-निर्देशन व डिप्टी सिविल सर्जन एवं डेंटल सर्जन डा. रामेश्वरी के मार्गदर्शन में किया गया। मंच संचालन आयुष मेडिकल ऑफिसर डा. रवि विहान द्वारा किया गया।

शिविर में जिला किशोर स्वास्थ्य अधिकारी डा. पुष्पा कश्यप द्वारा 10 से 19 वर्ष तक की लड़कियों को मासिक धर्म के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म आना कोई बीमारी नहीं है, बल्कि यह महिलाओं में होने वाली स्वाभाविक प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म (महावारी) 3 से 5 दिन चलता है। इस समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और सेनेटरी नैपकिंस का इस्तेमाल करें। उन्होंने बताया कि यदि किसी महिला को श्वेत प्रदर, कष्टार्तव, अनार्तव या अति आर्तव होता है, तो तुरंत महिला चिकित्सक से संपर्क कर अपना इलाज कराएं। इस अवसर पर लड़कियों को सेनेटरी नैपकिनस भी वितरित किए गए।

आयुष विभाग के मेडिकल ऑफिसर डा. रवि विहान ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों में होने वाले जन्मजात रोग, डेफिशियेंसी, डिजीज तथा डेवलपमेंट डिले यानि शारीरिक व मानसिक विकास में देरी के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने जन्मजात बीमारियों जैसे क्लब फुट (पैर के पंजो का अंदर की ओर मुड़ा होना), जन्मजात हृदय रोग (दिल में छेद होना), न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट (पीठ पर फोड़ा होना), जन्मजात अंधापन व बहरापन तथा मोतियाबिंद आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लड़कियों में होने वाले हारमोंस परिवर्तन के बारे में भी जानकारी दी तथा संतुलित आहार ग्रहण करने, जंक फूड, फास्ट फूड तथा तली भुनी चीजें न खाने की सलाह दी। उन्होंने आयरन युक्त भोजन, हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें तथा मौसमी फल खाने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *