October 7, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ग्लोबल मार्केट से बड़ी गिरावट के संकेत, एशियाई बाजारों में भी बिकवाली का दबाव

नई दिल्ली, 05 अगस्त । ग्लोबल मार्केट से आज कमजोर संकेत मिल रहे हैं। पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता नजर आ रहा है। इसी तरह यूरोपीय बाजार भी बुरी तरह से टूट कर बंद हुए थे। एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा दबाव बना हुआ है। आईटी और टेक कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजे और निगेटिव जॉब डेटा की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान हताशा का माहौल बना रहा, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांकों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। डाउ जॉन्स 600 अंक से अधिक की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह एसएंडपी 500 इंडेक्स ने 100.12 अंक यानी 1.84 प्रतिशत लुढ़क कर 5,346.56 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 417.98 अंक यानी 2.43 प्रतिशत की जोरदार कमजोरी के साथ 16,776.16 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल 311.34 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 39,425.92 के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार की तरह ही यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान भगदड़ का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 108.65 अंक यानी 1.33 प्रतिशत टूट कर 8,174.71 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 118.65 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 7,521.80 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 421.83 अंक यानी 2.39 प्रतिशत की जबरदस्त कमजोरी के साथ 17,661.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों में भी आज बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के 9 बाजारों में से 8 के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 1 सूचकांक मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। एशियाई बाजारों में इकलौता शंघाई कंपोजिट इंडेक्स फिलहाल 0.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,907.33 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 444.50 अंक यानी 1.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,270.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 106.28 अंक यानी 3.14 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 3,275.17 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। वहीं हैंग सेंग इंडेक्स 0.23 प्रतिशत टूट कर 16,906.74 अंक के स्तर तक गिर गया है।

निक्केई इंडेक्स, ताइवान वेटेड इंडेक्स और कोस्पी इंडेक्स आज जबरदस्त गिरावट का शिकार हुए हैं। निक्केई इंडेक्स फिलहाल 2,608.78 अंक यानी 7.26 प्रतिशत टूट कर 33,300.92 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,548.87 अंक यानी 7.16 प्रतिशत लुढ़क कर 20,089.22 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 178.16 अंक यानी 6.66 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 2,498.03 में अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.67 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,291.5 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 130.02 अंक यानी 1.78 प्रतिशत टूट कर 7,178.10 के स्तर पर कारोबार करते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.