October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

जल संकट पर भाजपा का दावा, हरियाणा और उत्तराखंड से दिल्ली को पूरी मात्रा में मिल रहा है पानी

नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। दिल्ली में चल रहे जल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) को आड़े हाथों लिया। उन्होंने शनिवार को एक पत्रकार वार्ता में कहा कि दिल्ली को हरियाणा और उत्तराखंड से निश्चित और लगभग पूरी मात्रा में पानी मिल रहा है। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने भी शुक्रवार को स्वीकार किया कि पीने के पानी के उत्पादन में मुश्किल से 0.5 से 7 प्रतिशत की कमी है। फिर क्यों आआपा के नेता दिल्ली में जल संकट की स्थिति को लेकर नाटक कर रहे हैं और पड़ोसी राज्यों पर दोषारोपण कर रहे हैं। दिल्ली की सरकार को दोषारोपण बंद करके टैंकर माफिया द्वारा पानी की चोरी और लीकेज की समस्याओं को ठीक कराना चाहिए।

वीरेन्द्र सचदेवा ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिल्ली सरकार को अतिरिक्त पानी के लिए ऊपरी यमुना नदी बोर्ड से संपर्क करने के सख्त निर्देशों के बावजूद दिल्ली सरकार अब केंद्रीय जल मंत्री सी.आर. पाटिल से संपर्क करके एक नया राजनीतिक नाटक कर रही है। दिल्ली वाले समझ नहीं पा रहे हैं कि जब सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि केवल ऊपरी यमुना नदी बोर्ड ही दिल्ली को अतिरिक्त पानी दे सकता है, तो फिर आआपा केंद्रीय जल मंत्री के पास क्यों जा रही है।

सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में पानी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने दिल्ली और हरियाणा के जल विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में मुनक नहर पर दिल्ली के लिए कच्चे पानी की उपलब्धता पर चर्चा के लिए दिल्ली की जल मंत्री आतिशी को खुली चुनौती दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.