ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

निखर उठा मुख्यमंत्री योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट, मूर्तरूप लेने लगा विंध्य काॅरिडोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य काॅरिडोर गुलाबी पत्थर की आभा से निखर उठा है। अब विंध्य काॅरिडोर मूर्तरूप लेने लगा है। लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो गया है यानी विंध्य काॅरिडोर का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। अब बस उसे सजाने का काम चल रहा है। भूमिगत नाली, पानी व विद्युत व्यवस्था शेष है, जो जल्द ही पूर्ण कर ली जाएगी। हालांकि दिसंबर 2023 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री की इच्छाशक्ति व दूरगामी सोच से विंध्यधाम की सूरत बदलेगी ही, तरक्की के द्वार भी खुलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट काशी विश्वनाथ काॅरिडोर के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य कारिडोर का अद्भुत, अलौकिक व अविस्मरणीय स्वरूप जल्द ही देश-दुनिया के सामने होगा। आदिशक्ति जगज्जननी मां विंध्यवासिनी धाम का नया स्वरूप धार्मिक संकल्पना को साकार करेगा ही, कला-संस्कृति की झलक भी दिखेगी। विंध्य काॅरिडोर का निर्माण होने से जिस प्रकार विंध्यधाम का अकल्पनीय विस्तार हुआ, उसी प्रकार पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। संकरी व तंग गलियां, उबड़-खाबड़ रास्ते नहीं, अब आकर्षक प्रवेश द्वार देश-विदेश से विंध्यधाम आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे। यही नहीं, विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को आस्था के सम्मान के साथ विश्व स्तरीय सुविधाएं भी मिलेंगी।

भक्ति-भावना के साथ दिन-रात काम कर रहे हैं विभिन्न प्रांत के कारीगर

विंध्यवासिनी मंदिर के चारों तरफ 50 फीट चैड़ा दो मंजिला परिक्रमा पथ निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। सड़कों के चैड़ीकरण का काम भी लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो गया है। वहीं विंध्य कारिडोर के माडल को गढ़ने के लिए देश के विभिन्न प्रांत के कुशल कारीगर भक्ति-भावना के साथ दिन-रात काम कर रहे हैं। उधर, कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम का भी दावा है कि दिसंबर 2023 तक विंध्य कारिडोर का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।

गुलाबी पत्थर की आभा के साथ दिखेगी कला-संस्कृति की झलक

मां विंध्यवासिनी मंदिर के चार प्रवेश द्वार पर गेट बनाया गया है। नई वीआईपी, पुरानी वीआईपी, कोतवाली गली व पक्का घाट मार्ग के मुख्य द्वार पर भव्य गेट का निर्माण तीव्र गति से हो रहा है। नई वीआईपी पर गेट का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। गुलाबी पत्थर से सुशोभित प्रवेश द्वार की भव्यता व सुंदरता देख हर किसी की निगाहें ठहर सी जाएंगी।

…जब खत्म होगा इंतजार दिखेगा आस्था का ज्वार

पहले तो गलियां, दुकानें और मंदिर ही दिखा करती थीं, लेकिन अब भव्य मां विंध्यवासिनी मंदिर के साथ 50 फीट चौड़ा दो मंजिला परिक्रमा, 50 फीट चौड़ी सड़कें-गलियां व आकर्षक कला-संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। बहुप्रतीक्षित विंध्य काॅरिडोर का निर्माण कार्य पूर्ण होने से देश-विदेश के श्रद्धालुओं का इंतजार खत्म हो जाएगा, तब मां विंध्यवासिनी के आंगन में आस्था का ज्वार नजर आएगा और भव्य-दिव्य विंध्य काॅरिडोर आस्था के सम्मान के साथ सफल भक्ति का अहसास कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *