ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चोपड़ा हिंसा मामले में दो और लोगों की गिरफ्तारी

कोलकाता, 04 जुलाई । पश्चिम बंगाल पुलिस ने गुरुवार को उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में एक महिला पर भीड़ की पंचायती के बाद हुए हुए हमले के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

राज्य पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दो व्यक्तियों की पहचान अब्दुल रऊफ और तहरुल इस्लाम के रूप में हुई है। दोनों इस हमले के सह-आरोपित हैं। उन्हें उसी वीडियो में मुख्य आरोपित, स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता तजिमुल उर्फ जेसीबी के साथ पीड़ितों पर हमला करते हुए देखा गया था। बुधवार को, पुलिस ने एक और आरोपित, बुधा मोहम्मद को गिरफ्तार किया था।

वीडियो में जेसीबी को महिला को बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। रविवार शाम को, इस घटना से संबंधित वीडियो वायरल होने के कुछ घंटों बाद ही, जेसीबी को गिरफ्तार कर लिया गया और अगले दिन उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को चोपड़ा घटना का उल्लेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में अपने भाषण के दौरान किया, जहां उन्होंने इस मामले में इंडी ब्लॉक सहयोगियों की चुप्पी की आलोचना की।

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्लयू) के एक सदस्य ने भी चोपड़ा का दौरा किया और पीड़ित महिला से बातचीत की। राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने भी ऐसी घटना को रोकने में राज्य प्रशासन की विफलता पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

तृणमूल कांग्रेस ने चोपड़ा के विधायक हमीदुल रहमान की प्रारंभिक टिप्पणियों पर कारण बताओं नोटिस जारी किया है। उन्होंने वीडियो वायरल होने के बाद घटना को हल्के में लेने की कोशिश की थी। पार्टी नेतृत्व ने चोपड़ा के सभी पंचायत प्रमुखों और स्थानीय क्लब अधिकारियों को इस तरह की कंगारू अदालतों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश भी दिया है। पुलिस को भी ऐसी घटनाएं रोकने के लिए और अधीक सजग होने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *