ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राजस्थान में रविवार से बदल जाएगा अस्पतालों और स्कूलों के साथ ट्रेनों का समय

राजस्थान में रविवार एक अक्टूबर 2023 से अस्पतालों और स्कूलों का समय बदल जाएगा। प्रदेश के अस्पतालों में ओपीडी का समय रविवार से सवेरे नौ से तीन बजे तक रहेगा। जबकि, सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों का समय बदल जाएगा। शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग के मुताबिक एक पारी विद्यालय सुबह 10 से 4 बजे तक और दो पारी विद्यालय सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक संचालित होंगे। प्रत्येक पारी पांच घंटे चलेगी।

राजस्थान में मौसम बदल रहा है। गुलाबी ठंड शुरू हो गई है। आगामी दिनों में गुलाबी सर्दी के अहसास को देखते हुए सरकार ने अस्पताल के खुलने और बंद होने का समय बदल दिया है। राजस्थान में अब रविवार एक अक्टूबर से सरकारी अस्पतालों का समय बदलने जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में ओपीडी के समय में परिवर्तन किया गया है। एक अक्टूबर से सरकारी अस्पतालों की ओपीडी का समय सुबह नौ से तीन बजे तक रहेगा। नए समयानुसार डॉक्टर अब ओपीडी में मरीजों की जांच सुबह नौ बजे करेंगे और उन्हें दवा देंगे। अभी तक इन अस्पतालों में ओपीडी सुबह आठ बजे आरंभ होती थी। यह नई प्रक्रिया 31 मार्च तक रहेगी।

ठंड का मौसम शुरू होने के साथ ही हर बार की तरह इस बार भी ओपीडी का समय एक अक्टूबर से बदलने का निर्णय किया गया है। आउटडोर में अब डॉक्टर सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक बैठेंगे। राजधानी जयपुर में सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (एसएमएस) के साथ जयपुरिया, जेके लोन हॉस्पिटल, सांगानेरी गेट महिला चिकित्सालय, गणगौरी अस्पताल, कावंटिया हॉस्पिटल, जनाना हॉस्पिटल चांदपोल समेत शहर की तमाम पीएचसी-सीएचसी में यही समय रहेगा। अस्पतालों में ओपीडी रजिस्ट्रेशन सुबह 8.30 बजे से शुरू होगा और दोपहर तीन बजे तक रहेगा। अगर किसी दिन राजकीय छुट्टी होती है तो उस दिन ओपीडी का समय सुबह 9 से 11 बजे तक रहेगा।

प्रदेश के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों का समय बदल जाएगा। शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग के मुताबिक एक पारी विद्यालय सुबह दस से चार बजे तक, जबकि दो पारी विद्यालय सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक संचालित होंगे। प्रत्येक पारी पांच घंटे चलेगी। 31 दिन वाले अक्टूबर में 24 कार्य दिवस रहेंगे, जबकि चार अवकाश एवं तीन उत्सव रहेंगे। अक्टूबर में चार दिन का अवकाश रहेगा। इसमें दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, 15 अक्टूबर को नवरात्रा स्थापना, 22 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी एवं 24 अक्टूबर को विजय दशमी का अवकाश रहेगा। इनके अलावा दो अक्टूबर को लाल बहादुर जयंती व महात्मा गांधी जयंती एवं 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर उत्सव मनाया जाएगा।

एक अक्टूबर से रेलवे ने भी अपनी समय सारिणी बदल दी है। रेलवे प्रशासन द्वारा एक अक्टूबर 2023 से ट्रेनों की नई समय-सारणी लागू की जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर गाडियों के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे पर 198 गाड़ियों की औसत गति बढ़ने से समय में 65 मिनट तक की बचत होगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार एक अक्टूबर 2023 से लागू नई समय-सारिणी के अनुसार विभिन्न स्टेशनों पर गाडियों के आगमन/प्रस्थान समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है। एक अक्टूबर 2023 से लागू नई समय-सारिणी अनुसार स्टेशनों पर विभिन्न रेलसेवाओं के आगमन/प्रस्थान समय में आंशिक परिवर्तन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *