ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

छठ पूजन का पर्व अब वैश्विक पर्व हो चला है : धस्माना

छठ पर्व के अवसर पर सोमवार को वसंत विहार चाय बागान स्थित काली मंदिर प्रांगण में हज़ारों लोगों के साथ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की और सूर्य को अर्घ्य समर्पित किया।

धस्माना ने उत्तरकाशी के यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के सिलक्यारा में निर्माणाधीन सुरंग में पिछले आठ दिनों से फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकाले जाने के लिए भी सामूहिक प्रार्थना की। इस अवसर पर उनके विगत 15 वर्षों से जारी प्रसाद वितरण कार्यक्रम किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को फल प्रसाद वितरित किया गया।

पूजा अर्चना में शामिल पूर्वांचल के लोगों को बधाई देते हुए सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि त्रेता युग में भगवान राम व माता सीता ने राम राज्य की स्थापना के लिए कार्तिक मास की षष्टि को व्रत रखा था। द्वापर युग में द्रोपदी ने अपने पति के स्वास्थ्य के लिए और खोए हुए राजपाठ को पुन: प्राप्त करने के लिए छठी मैय्या का व्रत रखा और सूर्य उपासना की, जिससे पांडवों ने अपना खोया हुआ राज पाठ पुन: प्राप्त किया।

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि युगों युगों से चली आ रही छठ पूजन की प्रथा अब पूर्वांचल से निकल कर पूरे भारत व पूरे विश्व में फैल कर वैश्विक हो गयी है और पूरी दुनिया में फैले पूर्वांचल के लोग इस त्योहार के ब्रांड एम्बेसडर बन गए हैं। उन्होंने कहा कि देव भूमि उत्तराखंड में बिहार व पूर्वी उत्तरप्रदेश व झारखंड के श्रमिकों का राज्य के निर्माण व विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य में बिल्डिंग निर्माण हो या सड़क निर्माण, फैक्टरी बननी हो या खेती बाड़ी का काम, सब क्षेत्रों में पूर्वांचल के भाई बहनों का महत्वपूर्ण योगदान है। देहरादून, उधम सिंह नगर व हरिद्वार सहित राज्य के सभी शहरों में जब छठ पूजा होती है, तब ऐसा लगता है जैसे हम पूर्वांचल में ही हों।

इस अवसर पर देश के सुविख्यात साहित्यकार व कवि डॉक्टर बुद्धिनाथ मिश्र, पुरवा सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष सुभाष झा, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, कांग्रेस नेत्री सोनिया आनंद रावत, नगर निगम पार्षद मुकीम अहमद, पूर्व पार्षद व महानगर उपाध्यक्ष राजेश पुंडीर आदि पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *