ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मजबूत शुरुआत के बाद लुढ़का घरेलू शेयर बाजार

मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार आज दबाव में कारोबार करता नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी लेकिन बाजार खुलने के बाद से ही इसकी चाल में उतार-चढ़ाव नजर आने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, डिवीज लेबोरेट्रीज, लार्सन एंड टूब्रो, अपोलो हॉस्पिटल और टाटा स्टील के शेयर 2.45 प्रतिशत से लेकर 1.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, सन फार्मास्यूटिकल्स, भारती एयरटेल, आईटीसी, अडाणी एंटरप्राइजेज और बजाज फाइनेंस के शेयर 1.45 प्रतिशत से लेकर 0.77 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 1,860 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,412 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में और 448 गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 32 हरे निशान में और 18 लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 80.90 अंक की तेजी के साथ 65,300.93 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान की स्थिति बन गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी लगातार उतार-चढ़ाव बना रहा। खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल कर 65,436.10 के स्तर तक पहुंचा, वहीं गिरावट का दबाव बनने पर इसने 65,108.51 अंक तक का गोता भी लगा दिया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 60.29 अंक की कमजोरी के साथ 65,159.74 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने भी आज 42.75 अंक की मजबूती के साथ 19,439.20 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारी के जोर और बिकवाली के दबाव की वजह से इस सूचकांक की चाल भी लगातार ऊपर नीचे होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक ने 19,450.20 अंक तक पहुंचने में सफलता हासिल की। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर ये सूचकांक 19,366.60 तक लुढ़क भी गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 12.05 अंक की गिरावट के साथ 19,384.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

मिले-जुले ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार ने आज प्री ओपनिंग सेशन में बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। बीएसई का सेंसेक्स 233.28 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 65,453.31 अंक के स्तर पर था। इसी तरह निफ्टी 90 यानी 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,486.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को सेंसेक्स 3.94 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 65,220.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी ने 2.85 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,396.45 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *