ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

Sikh Riots: जगदीश टाइटलर के खिलाफ चार्जशीट दायर, 1984 में सिख दंगे भड़काने का आरोप

सीबीआई (CBI) ने 20 मई को 1984 के सिख विरोधी दंगों में पुल बंगश गुरुद्वारा आग मामले में कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर के खिलाफ चार्जशीट दायर की है. आरोप है कि जगदीश टाइटलर ने भीड़ को भड़काया, दंगे भड़काए, इसी भीड़ ने पुल बंगश गुरुद्वारे में आग लगाई जिसमें तीन सिखों की जल कर मौत हो गयी थी। सीबीआई ने सेक्शन 147,148,149,153(ए), 188 आईपीसी और 109, 302, 295, and 436 समेत कई धाराओं में चार्जशीट दाखिल की है।

बता दे कि बीते अप्रैल में, जगदीश टाइटलर दिल्ली में सीबीआई के सामने पेश हुए थे और दिल्ली में 1984 के सिख विरोधी दंगों से संबंधित पुल बंगश गुरुद्वारा मामले के संबंध में अपनी आवाज के नमूने दिए थे। केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) आवाज के नमूनों की जांच करेगी.

 

 

वहीं दूसरी ओर प्रयोगशाला से बाहर निकलते हुए टाइटलर ने कहा था कि अगर मेरे खिलाफ एक भी सबूत है तो मैं फांसी पर चढ़ने को तैयार हूं। सीबीआई ने मामले में कांग्रेस नेता को क्लीन चिट दे दी थी, लेकिन 4 दिसंबर, 2015 को जांच फिर से शुरू की थी। जगदीश टाइटलर 2004 में मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री थे, लेकिन विरोध के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। पिछले कुछ वर्षों में, कांग्रेस पार्टी ने टाइटलर से खुद को दूर कर लिया था क्योंकि उन्हें 1984 के सिख विरोधी दंगों से संबंधित कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्हें पिछले साल दिल्ली नगरपालिका चुनाव के लिए समिति में शामिल किया गया था, जिसके बाद विरोधी दलों ने कांग्रेस को घेर लिया था। वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली चरण में भी शामिल होने वाले थे, लेकिन बाद में विवाद से बचने के लिए वे यात्रा से दूर रहे थे। गौरतलब है कि 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी। जिसके बाद सिख विरोधी दंगे भड़क गए थे। इनमें हजारों लोगों की जान गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *