October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

शिमला में दो साल बाद गिरी बर्फ, पर्यटक झूमे

पहाड़ों की रानी शिमला में आखिरकार दो वर्ष बाद बर्फ़बारी के दर्शन हो ही गए। शिमला शहर में गुरुवार दोपहर से रुक-रुक कर हल्की बर्फबारी हो रही है। आखिरी बार शिमला में 5 फरवरी 2022 को बर्फ गिरी थी। लंबे अरसे के बाद बर्फ़बारी होने से पर्यटकों व स्थानीय लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

यहां के ऐतिहासिक रिज मैदान और मॉल रोड पर पर्यटक व स्थानीय लोग नाच-गाकर बर्फ़बारी का लुत्फ उठा रहे हैं। बर्फ़बारी से पर्यटन कारोबार में भी रफ्तार आने की उम्मीद जगी है। शिमला में बर्फबारी का बेसब्री से इंतज़ार हो रहा था। बुधवार को यहां दिन भर बारिश होती रही। रात को भी बादल जमकर बरसे। वहीं आज शहर में सीजन की पहली बर्फ़बारी हुई।

शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफ़री, फागु और नारकंडा में भी बुधवार से बर्फ गिर रही है। इन स्थलों में बर्फ की मोटी चादर जम गई है। यहां मौजूद पर्यटक बर्फ़बारी से अठखेलियां कर रहे हैं। ताज़ा बर्फ़बारी से शिमला में सैलानियों की आमद में इजाफा देखा जा रहा है और सैलानी बर्फ़बारी में मस्ती कर रहे हैं।

शिमला में बर्फबारी का सीजन दिसम्बर से शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार फरवरी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। क्रिसमस व नववर्ष के मौके पर यहां बर्फ़बारी न होने से सैलानी काफी मायूस हुए थे। शिमला से सटे पर्यटन स्थलों में भारी बर्फबारी ने पर्यटकों को खासा रोमांचित किया है। इस बार पिछले साल की तुलना में अधिक बर्फ़बारी दिखने को मिली है। सेब समेत अन्य बागवानी और खेती के लिए बर्फ़बारी को बेहद फायदेमंद माना जा रहा है। बारिश-बर्फ़बारी से शिमला में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां न्यूनतम पारा 1.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.