ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे केंद्र सरकार: ब्रजज्योति शर्मा

गुवाहाटी, 9 अगस्त । विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के उत्तर पूर्व प्रांत के सचिव ब्रजज्योति शर्मा ने कहा कि पड़ोसी देश बांग्लादेश हिंसा और अराजकता से ग्रसित है। निर्वाचित प्रधानमंत्री के त्यागपत्र देने और देश छोड़ने के बाद से वहां अराजकतत्व हावी हो गए हैं और कानून व्यवस्था सर्वथा निष्प्रभावी हो चुकी है।ऐसे में वहां के अतिवादी जिहादी तत्व हिंदू समाज का बड़े पैमाने पर उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने भारत सरकार से बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने का आग्रह किया है।

विहिप के उत्तर पूर्व प्रांत के सचिव ब्रजज्योति शर्मा शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में पिछले कई दिनों से हिन्दू अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और घरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पूरे बांग्लादेश में हर जिले में अराजकता है और कट्टरपंथियों ने श्मशान से लेकर मंदिरों को भारी क्षति पहुंचाई गयी है।

विहिप उत्तर पूर्व प्रांत ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के घर, मकान, दुकान, ऑफिस, व्यवसायिक प्रतिष्ठान व महिलाएं, बच्चे एवं उनकी आस्था व विश्वास के केंद्र मन्दिर तक सुरक्षित नहीं हैं। वहां पीड़ित अल्पसंख्यक हिन्दुओं की हालत बद से भी बदतर होती जा रही है। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि विश्व समुदाय की जिम्मेदारी है कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा व उनके मानवाधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई करे। भारत ने हमेशा से ही विश्वभर के उत्पीड़ित, विस्थापितों की सहायता की है।

शर्मा ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद भारत सरकार से आग्रह करता है कि वह बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए और सीमा पर कड़ी चौकसी बरते। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में शीघ्रातिशीघ्र लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्ष सरकार पुनः स्थापित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *