ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

प्रधानमंत्री आज मप्र के सागर में, संत रविदास मंदिर और स्मारक का करेंगे भूमि पूजन

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज (शनिवार ) मध्य प्रदेश के एक दिवसीय पर आज सागर पहुंच रहे हैं। वे यहां बड़तूमा में 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संत रविदास मंदिर और विशाल स्मारक का भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री ढाना में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी यशवंत सिंह बरारे ने दी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में एनएचएआई की भारत माला परियोजना के अंतर्गत 1582.28 करोड़ रुपये की दो सड़कों का शिलान्यास करेंगे। वे यहां ढाई हजार करोड़ रुपये की लागत से बने कोटा-बीना रेल मार्ग के दोहरीकरण का लोकार्पण भी करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्र और राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी बरारे के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी मध्य प्रदेश और बुंदेलखंड को बड़ी सौगात के रूप में बीपीसीएल की बीना रिफाइनरी पेट्रोकेमिकल की विस्तारीकरण परियोजनाओं का भी भूमि पूजन करेंगे। इससे यहां पेट्रोकेमिकल का निर्माण संभव होगा। बीपीसीएल इस पर लगभग 50 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नई दिल्ली से वायुसेना के विमान से प्रस्थान कर दोपहर एक बजे खजुराहो पहुंचेंगे। यहां से वे हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर 2ः05 बजे बड़तूमा हेलीपेड पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 2ः15 बजे बजे रविदास मंदिर एवं स्मारक का भूमि पूजन करेंगे। मोदी दोपहर 3ः15 बजे ढाना सभास्थल पहुंचेंगे। सायं 4ः15 बजे ढाना एयर स्ट्रिप से हेलीकाप्टर द्वारा खजुराहो के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां से वायुयान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *