ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उज्जैन: महाकाल मंदिर में श्रद्धालु से अभद्रता करने वाले पुजारी को नोटिस

महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालु से अभद्रता करने के मामले में महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पुजारी को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पद से हटने की चेतवानी दी गई है।

महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित मुरैना से आए श्रद्धालु दिलीप के साथ अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी प्रतिनिधि ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता की गई थी। हालात मारपीट तक पहुंच गए थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। मामले की शिकायत महाकाल मंदिर प्रबंध समिति प्रशासक संदीप सोनी के पास भी पहुंची थी। प्रशासक सोनी ने अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी राहुल दुबे को जारी किया है। इसका जवाब समय सीमा में नहीं मिलने पर या जवाब संतोषजनक नहीं होने की स्थिति में कार्रवाई चेतवानी दी गई है।

अनाधिकृत व्यक्तियों को बैठाया जा रहा

महाकाल मंदिर प्रशासक संदीप सोनी द्वारा पुजारी राहुल दुबे अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर महाकालेश्वर मंदिर को जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से ऐसा संज्ञान में आया है कि अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर में आपके द्वारा स्वयं के स्थान पर अनाधिकृत व्यक्तियों को बैठाया जा रहा है, जो कि बड़ी मात्रा में ताबीज, रुद्राक्ष इत्यादि विक्रय कर रहे हैं, जबकि कार्यालयीन आदेश द्वारा श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है।

श्रद्धालुओं से रुपए लेकर कलावा, धागा इत्यादि बांधा जा रहा है। रुपए लेकर मंदिर के अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं से अशोभनीय, अमर्यादित आचरण कर अभद्र भाषा का उपयोग कर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत की जा रही है। इससे मंदिर की प्रतिष्ठा प्रभावित होकर,छवि धुमिल हो रही है। अत: क्यों न मंदिर अधिनियम की धारा 18 (2) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आपको पुजारी के पद से पृथक किया जावे। उक्त संबंध में अपना जवाब पत्र प्राप्ति से प्रस्तुत करें। निश्चित समयावधि में जवाब प्राप्त न होने की दशा में एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *