ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

देवी आराधना का नौ दिवसीय पर्व नवरात्रा संपन्न

देवी आराधना का नौ दिवसीय पर्व शारदीय नवरात्र सोमवार को संपन्न हो गया। इस दौरान घरों व अन्य कई स्थानों पर घट स्थापित की गई दुर्गा मां की प्रतिमाओं का जैकारों के साथ जलसरोवरों में विसर्जन किया गया। महानवमी पर भी कई स्थानों पर कन्या पूजन किया गया। पूजन के बाद सभी कन्याओं को प्रसादी व उपहार भेंट किए गए।

शारदीय नवरात्र पर अभिजीत काल में घट स्थापित की गई देवी मां की प्रतिमाओं को आज महानवमी पर जल सरोवरों में विसर्जन किया गया। इसके साथ ही नवरात्रा भी संपन्न हो गया। महानवमी पर सुबह से ही भक्तगण शहर के देवी मंदिरों में जाने शुरू हो गए। यहां दिनभर पूजा अर्चना का दौर जारी रहा। नवरात्रा के व्रत का आखिरी दिन होने से महिलाओं में अधिक उत्साह नजर आया। बच्चे और पुरूष भी मंदिरों में दिखाई दिए। पूजा अर्चना के बाद प्रसादी का वितरण हुआ। इस अवसर पर देवी मंदिरों में कई धार्मिक अनुष्ठान भी हुए। ओल्ड कैंपस के सामने स्थित श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर में मंदिर ट्रस्ट की ओर से मंदिर के महंत श्रीधरगिरी महाराज व संत गंगागिरी महाराज के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान के साथ 101 कन्याओं का पूजन व भोजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मंदिर सत्संग समिति के शशिकांत तिवाड़ी ने बताया कि पं. शिवसागर शास्त्री द्वारा विधिवत पूजा अर्चना व मंत्रोच्चारण के साथ अनुष्ठान करवाया गया जिसमें 11 जोड़ों ने हवन में आहुतियां प्रदान कर सभी के सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

आज सुबह 101 कन्याओं को विधिवत पूजन के बाद उन्हें भोजन कराकर संतों व श्रद्धालुओं ने उन्हें भेंट पूजा देकर उनसे आशीर्वाद लिया। इस दौरान कैलाश राव, डॉ. अनुभव माथुर, दिव्यांशु बोराणा सहित मंदिर सत्संग समिति सदस्यों ने सेवाएं दी। मारवाड़ गुर्जरगौड़ ब्राह्मण संस्थान में 108 कन्याओं का पूजन कर निर्माणाधीन शिक्षा भवन के शीघ्र पूर्ण होने की मनोकामना की गई।

संस्थान के महामंत्री श्याम सुंदर उपाध्याय ने बताया कि विवेक विहार स्थित महर्षि गौतम मंदिर एवं शिक्षा भवन पर गायत्री शक्तिपीठ आचार्य श्यामलाल नाबरिया द्वारा देवी शक्ति शांति यज्ञ एवं अनुसंष्ठान करवाया गया। यज्ञ में संस्थान के वरिष्ठ उपाध्यक्ष केवलराम सांखी, श्याम लाल कठास्थला, श्याम सुन्दर उपाध्याय, राहुल त्रिवेदी, दिनेश गौतम एवं सुन्दर लाल राणेजा सपत्नीक बैठे। पूर्णाहुति मे समाज बंधुओं एवं नारी क्षक्ति द्वारा आहूति देकर शांति की मनोकामना की।

हवन के तत्पश्चात 2 वर्ष से 10 वर्ष की विभिन्न देवी नवदुर्गा स्वरूपों में तैयार कन्याओं का जोड़ों सहित पूजन अर्चन कर आशीर्वाद लिया। नवरात्रा के उपलक्ष में पुलिस लाइन में हवन किया गया। हवन में एएसआई शोभाराम, हवलदार मेजर प्रताप सिंह शिवलाल, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, भारत सिंह, विजेन्द्र सिंह शेखावत, शैतान राम, श्रवण सिंह खीची, हरि प्रकाश सोलंकी सहित अन्य मौजूद लोगों ने सुख शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मनोकामना को लेकर आहुतियां दी।

मुस्कान गुप द्वारा महानवमी के पावन पर्व पर अशोक उद्यान के सामने स्थित भवानी आदर्श मंदिर विद्यालय में आदि शक्ति स्वरूप 51 कन्याओं का चरण पखार कर पूजन किया तथा शैक्षणिक सामग्री भेंट कर आशीर्वाद लिया गया।

संस्थापक इंजीनियर निर्मल कुमार माथुर ने बताया कि इस अवसर पर भगवान चन्द्र माथुर, बृजेश नेपालिया, नरेन्द्र माथुर, राजेन्द्र राजू, अमरलाल, दीपा माथुर, राजेश्वरी, वीणा, मधुबाला, मीना राय, डाक्टर आभा माथुर, अनु माथुर सहित विद्यालय के भवानी भाटी, सुनीता माथुर, संगीता चोरडिया, अनामिका जोशी, नीतू वैष्णव आदि उपस्थित रहे।

मेहरानगढ़ में हुई पूर्णाहुति

मेहरानगढ़ दुर्ग के चामुंडा माता मंदिर में नवरात्री की अष्टमी की रात प्रारम्भ हुए हवन में पूर्व नरेश गजसिंह व पूर्व महारानी हेमलता राज्ये ने आज सुबह पूर्ण आहुति दी। साथ ही यहां दोपहर में थापनाजी का उत्थापना किया गया। इसके साथ ही यहां शुभ मुहूर्त में गजसिंह की तिलक आरती हुई।

मंदिरों में सजाई फूल मंडली

महानवमी पर शहर के सभी देवी मंदिरों में आकर्षक फूल मंडली सजाई गई। माताजी का थान स्थित चामुंडा माता के मंदिर में सुबह से ही भीड़ पडऩी शुरू हो गई थी। यहां रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक साज-सज्जा की गई।

मेहरानगढ़ दुर्ग स्थित चामुंडा माता के मंदिर में भी नवरात्रा का अंतिम दिन होने से भक्तों की अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ अधिक थी। संतोषी माता के मंदिर में भी दर्शनों के लिए भक्तों की लाइन लगी रही। इसके अलावा उम्मेद उद्यान स्थित मंदिर में भी फूल मंडली सजाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *