ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दो दिन के दबाव के बाद शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

लगातार दो दिन तक दबाव का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार में आज तेजी का माहौल नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की चाल में तेजी आ गई। हालांकि पहले 1 घंटे के कारोबार में यदा-कदा बिकवाली का झटका भी लगता रहा। इसके बावजूद लिवाली के जोर की वजह से शेयर बाजार लगातार हरे निशान में कारोबार करता रहा। निफ्टी ने तो इसी अवधि में ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड भी कायम कर लिया। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.63 प्रतिशत और निफ्टी 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से कोल इंडिया, बीपीसीएल, टाटा मोटर्स, ओएनजीसी और एलटी माइंडट्री के शेयर 2.55 प्रतिशत से लेकर 1.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर एशियन पेंट्स, टाइटन कंपनी, ब्रिटानिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी के शेयर 0.72 प्रतिशत से लेकर 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,209 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,790 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 419 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 7 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 39 शेयर हरे निशान में और 11 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 222.52 अंक उछल कर 76,679.11 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के करीब ये सूचकांक 500 अंक से अधिक उछल कर 76,967.73 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मामूली बिकवाली के कारण इस सूचकांक में हल्की गिरावट भी दर्ज की गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 480.86 अंक की मजबूती के साथ 76,937.45 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज ऑल टाइम हाई ओपनिंग का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 79.60 अंक की तेजी के साथ 23,344.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवाली का सपोर्ट मिल जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में भी तेजी आ गई। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से ये सूचकांक थोड़ी ही देर में करीब 160 अंक की उछाल के साथ अभी तक के सर्वोच्च स्तर 23,420.35 अंक तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफावसूली के कारण इस सूचकांक में भी मामूली गिरावट आई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 142.50 अंक की बढ़त के साथ 23,407.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 33.49 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,456.59 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं सेंसेक्स के विपरीत निफ्टी ने 5.65 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ 23,264.85 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *