• June 21, 2026

NEET Re-Exam 2026: दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, उम्मीदवारों को DTC बसों में मुफ्त सफर; परीक्षा केंद्रों पर बने कूलिंग जोन

नई दिल्ली: NEET री-एग्जाम 2026 के आयोजन के बीच दिल्ली सरकार ने अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की सुविधा के लिए कई विशेष व्यवस्थाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को परीक्षा देने वाले सभी उम्मीदवारों के लिए DTC बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने का ऐलान किया है। इसके अलावा राजधानी के सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों और परिजनों के लिए विशेष कूलिंग जोन भी बनाए गए हैं, ताकि गर्मी के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

एडमिट कार्ड दिखाकर कर सकेंगे मुफ्त यात्रा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्रों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ने परीक्षा दिवस को अधिक सुविधाजनक और तनावमुक्त बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार DTC बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए बस में यात्रा के दौरान कंडक्टर को अपना वैध NEET एडमिट कार्ड दिखाना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि परीक्षा के दिन किसी भी छात्र या उसके परिवार को परिवहन, भीषण गर्मी या लंबी प्रतीक्षा जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

97 परीक्षा केंद्रों पर विशेष इंतजाम

दिल्ली में NEET री-एग्जाम के लिए कुल 97 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन सभी केंद्रों के आसपास विशेष कूलिंग जोन स्थापित किए गए हैं, जहां अभिभावक परीक्षा समाप्त होने तक आराम से प्रतीक्षा कर सकेंगे। सरकार के अनुसार, यह पहली बार है जब परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिजनों की सुविधा को भी प्राथमिकता देते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।

अभिभावकों को मिलेगी ये सुविधाएं

दिल्ली सरकार की ओर से बनाए गए कूलिंग जोन में अभिभावकों के लिए बैठने और आराम करने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही वहां:

  • स्वच्छ पेयजल,
  • ORS,
  • चाय,
  • प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) सहायता

जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर घंटों इंतजार कर रहे अभिभावकों की परेशानी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।

छात्रों और अभिभावकों को राहत

दिल्ली सरकार की इस पहल को छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच मुफ्त परिवहन और आरामदायक प्रतीक्षा व्यवस्था से परीक्षा दिवस पर उम्मीदवारों और उनके परिवारों का तनाव कम होने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *