ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

नगरपालिका कर्मचारियों ने मांगों को लेकर फतेहाबाद में किया प्रदर्शन,सीएम को भेजा ज्ञापन

फतेहाबाद, 21 जून । नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिलेभर के कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर परिषद् कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जिला फतेहाबाद की पांचों इकाइयां रतिया, टोहाना, भूना, जाखल, फतेहाबाद के सभी कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान कर्मचारियों ने नगराधीश के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। आज के प्रदर्शन की अध्यक्षता अध्यक्षता जिला कार्यवाहक प्रधान सत्यवान टाक ने की और संचालन जिला सचिव विजय ढाका ने किया। प्रदर्शन में विशेष रूप से राज्य के वरिष्ठ प्रधान रमेश तुषामड़ ने भी भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिला कार्यवाहक प्रधान सत्यवान टॉक, संघ के राज्य वरिष्ठ प्रधान रमेश तुषामड़ और जिला वरिष्ठ उपप्रधान ओम प्रकाश लोट ने हरियाणा सरकार को दलित एवं सफाई कर्मचारी विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की वायदा खिलाफी, सफाई कर्मचारियों के शोषण एवं उत्पीडऩात्मक की कार्रवाइयों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों ने आज से आंदोलन की शुरुआत कर दी है।

जिला सचिव विजय ढाका और पांचों इकाईयों के प्रधान व सचिव ने बताया कि यदि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने बारे कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो नगर पालिका कर्मचारी संघ हड़ताल जैसा कठोर निर्णय लेने को मजबूर होगा, जिसकी सारी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा का मास डेपुटेशन 23 जून को निकाय मंत्री सुभाष सुधा के आवास कुरुक्षेत्र में मिलकर गुरुग्राम के 26 बर्खास्त किए कर्मचारियों को बहाल करने एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और सरकार के बीच मानी गई मांगों को लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, भत्तों सहित समान काम समान वेतन देने सहित अनेक मांगों को उठाएगा। इस मौके पर फतेहाबाद प्रधान नरेश राणा, टोहाना प्रधान रविन्द्र कुमार, भूना प्रधान अमित गिल, जाखल से सुनील, रतिया से गुरमीत सिंह व सभी इकाईयों के प्रधान,सचिव, कैशियर और सक्रिय कर्मचारी सदस्यों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *