ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मप्र : बालाघाट-डिंडोरी में 19-20 जून तक दस्तक देगा मानसून, आज आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल, 16 जून (हि.स.) । इस बार मध्यप्रदेश में तय समय से 4 से 5 दिन की देरी से मानसून दस्तक देगा। दरअसल, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की ओर से आ रहा मानसून अभी कमजोर पड़ गया है। इस वजह से प्रदेश में इसके आने में समय लग सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि 19-20 जून तक बालाघाट, डिंडोरी से मानसून एंटर हो सकता है। अगले 2-3 दिन में यह पूर्वी हिस्से में सक्रिय हो जाएगा। आज रविवार को इंदौर, देवास, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा और बैतूल में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी साउथ-वेस्ट राजस्थान के हिस्से में चक्रवाती घेरा और उत्तर प्रदेश से मेघालय तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम हवाओं का घेरा होने से नमी आ रही है। इस वजह से मध्यप्रदेश में आंधी-बारिश की गतिविधियां हो रही है। वहीं, अभी मानसून की गति धीमी हो गई है। इस तरह यह कुछ दिन लेट हो सकता है।

इससे पहले शनिवार को छिंदवाड़ा, बुरहानपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। वहीं, छतरपुर का बिजावर सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 45.6 डिग्री तक पहुंच गया। टॉप-10 सबसे गर्म शहरों में खजुराहो, पृथ्वीपुर, चित्रकूट, ग्वालियर, नौगांव, सिंगरौली, सीधी, रीवा और टीकमगढ़ रहे। खजुराहो में 45.4 डिग्री, पृथ्वीपुर, निवाड़ी और सतना के चित्रकूट में 45.2 डिग्री, ग्वालियर-नौगांव में 44.5 डिग्री, सिंगरौली में 44.3 डिग्री, सीधी-रीवा में 43.8 डिग्री और टीकमगढ़ में पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया है।

रविवार को सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली में लू का ऑरेंज अलर्ट और छतरपुर, निवाड़ी, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर में गर्म हवाओं का यलो अलर्ट है। भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, श्योपुर कलां, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, आगर-मालवा, शाजापुर, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, कटनी, सिवनी, मंडला, बालाघाट में आंधी, गरज-चमक का यलो अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *