October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लातेहार में तेज रफ्तार वाहन ने घर की दीवार को तोड़ते हुए पांच को रौंदा, एक की मौत, चार रेफर

लातेहार, 15 जून (हि.स.)। लातेहार सदर थाना क्षेत्र के कोने गांव में शनिवार तड़के अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने घर की दीवार तोड़ते हुए पांच लोगों को रौंद दिया, जिससे एक की मौत हो गई जबकि जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को लातेहार सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया है।

बताया गया है कि शनिवार तड़के राजदेव लोहरा तथा घर के अन्य सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर घर की मिट्टी की दीवार को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। वाहन की चपेट में राजदेव लोहरा समेत पांच लोग आ गए। राजदेव लोहरा (55) की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि शकुंती देवी, आरती कुमारी तथा दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पूर्व मुखिया जुलेश्वर लोहरा समेत आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी पुलिस को भी दी। सदर अस्पताल में घायलों का प्राथमिक इलाज करने के बाद उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने रिम्स रेफर कर दिया।

इधर, घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने लातेहार नवरंग चौक के पास सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग है कि मृतक और घायल के परिजनों को तत्काल मुआवजा दिया जाए। सूचना मिलने के बाद पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के निर्देश पर पुलिस की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस सड़क जाम कर रहे लोगों को भी समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि सरकारी प्रावधान के तहत मृतक के परिजनों को सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.