• June 6, 2026

‘सैफ-करीना की दखलअंदाजी ने बिगाड़ दी थी एजेंट विनोद’, एक्टर ललित परिमू का बड़ा दावा

नई दिल्ली: अभिनेता ललित परिमू ने हाल ही में एक बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया है कि साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म एजेंट विनोद की असफलता के पीछे मुख्य वजह इसके लीड स्टार्स सैफ अली खान और करीना कपूर खान की अत्यधिक दखलअंदाजी थी। उन्होंने यह बात सिद्धार्थ कनन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कही।

ललित परिमू के मुताबिक, निर्देशक श्रीराम राघवन जिस तरह की फिल्म बनाना चाहते थे, उन्हें वैसा करने की पूरी आजादी नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि फिल्म के फ्लॉप होने का सबसे बड़ा कारण सैफ और करीना की जरूरत से ज्यादा दखलअंदाजी थी। श्रीराम राघवन अपनी मूल सोच और विजन के अनुसार फिल्म नहीं बना सके। उन्हें लगातार बताया जाता था कि क्या करना है और क्या नहीं, जिससे पूरी प्रक्रिया प्रभावित हुई।”

‘डायरेक्टर के विजन में दखल फिल्म को नुकसान पहुंचाती है’

ललित परिमू ने आगे कहा कि फिल्म निर्देशक का माध्यम होती है और उसके विजन का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर किसी निर्देशक ने किसी अभिनेता को कास्ट किया है तो उसके सुझाव तभी स्वीकार किए जाने चाहिए जब वे फिल्म के हित में हों। सिर्फ स्टारडम के आधार पर दिए गए सुझावों का कोई महत्व नहीं होता। इस तरह के बदलाव अक्सर फिल्मों को नुकसान पहुंचाते हैं।”

क्या श्रीराम राघवन ने खुद की थी शिकायत?

जब ललित परिमू से पूछा गया कि क्या श्रीराम राघवन ने उनसे इस विषय पर विस्तार से चर्चा की थी, तो उन्होंने कहा कि निर्देशक ने ज्यादा विस्तार से बात नहीं की थी। हालांकि, उन्होंने इतना जरूर बताया था कि फिल्म के निर्माण के दौरान काफी हस्तक्षेप हुआ था, जो उनकी रचनात्मक प्रक्रिया को प्रभावित कर रहा था।

दो साल में बनी थी ‘एजेंट विनोद’

श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी एजेंट विनोद एक एक्शन-स्पाई थ्रिलर फिल्म थी, जिसमें सैफ अली खान ने रॉ एजेंट और करीना कपूर ने एक स्पाई का किरदार निभाया था। लगभग 60 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म की शूटिंग रूस और स्विट्जरलैंड समेत भारत के लद्दाख, मुंबई, जैसलमेर और दिल्ली में हुई थी।

फिल्म को पूरा होने में करीब दो साल का समय लगा था। इसे सैफ अली खान के प्रोडक्शन हाउस इल्यूमिनाटी फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म में करीना और सैफ के अलावा गुलशन ग्रोवर, प्रेम चोपड़ा, राम कपूर और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

हालांकि बड़े बजट, स्टारकास्ट और अंतरराष्ट्रीय लोकेशन्स के बावजूद एजेंट विनोद बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी थी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *