• June 6, 2026

गोंडा में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- ‘अब अयोध्या में रामद्रोहियों की नहीं, सिर्फ रामभक्तों की जगह’

गोंडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोंडा जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा और अयोध्या के विकास से लेकर कानून-व्यवस्था तक कई मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भगवान राम का नाम लेने पर भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा, “पहले राम का नाम लेने पर प्रतिबंध जैसा माहौल था। भगवान राम के भक्त अयोध्या नहीं जा सकते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अयोध्या आज नए स्वरूप में दुनिया के सामने है और हर रामभक्त खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।”

‘गोंडा का विकास तुष्टिकरण और भाई-भतीजावाद की भेंट चढ़ा’

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकारों की नीतियों के कारण गोंडा जिले का विकास प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण और भाई-भतीजावाद की राजनीति के चलते यह क्षेत्र लंबे समय तक पिछड़ा रहा।

उन्होंने कहा, “एक समय ऐसा भी था जब गोंडा के युवाओं को अपनी पहचान को लेकर संघर्ष करना पड़ता था। दूसरे राज्यों में जाने पर उनके जिले का नाम सुनकर लोग दूरी बना लेते थे।”

‘2017 से पहले त्योहारों पर होता था उपद्रव’

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी पूर्व सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में पर्व-त्योहारों के दौरान अक्सर तनाव और दंगे जैसी स्थिति बन जाती थी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मुझे याद है कि 2015-16 में गोंडा में दुर्गापूजा के दौरान भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई थी। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन तक में बाधाएं खड़ी की जाती थीं। त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे और सत्ता में बैठे लोग ऐसे तत्वों के सामने नतमस्तक रहते थे।”

‘त्योहारों में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या उत्सवों में व्यवधान डालने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, “अब कोई भी त्योहारों और उत्सवों में रंग में भंग डालने का काम नहीं कर सकता। कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।”

राम मंदिर निर्माण का भी किया जिक्र

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की ताकत का परिणाम है कि 500 वर्षों से लंबित कार्य आज पूरा हो चुका है और भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुल चुका है।

‘सुरक्षा और विकास साथ-साथ चलते हैं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि असुरक्षा के माहौल में न निवेश आता है और न ही विकास संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था मजबूत होने से प्रदेश में निवेश बढ़ा है और महिलाओं की सुरक्षा के साथ विकास कार्यों को भी गति मिली है।

उन्होंने कहा, “जब किसी क्षेत्र की पहचान विकास और सुरक्षा से जुड़ती है, तभी वहां सम्मान और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।”

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *