• July 6, 2026

कानपुर में 6 करोड़ की ड्रग्स खेप बरामद: कंटेनर में छिपाकर लाया गया 450 किलो गांजा, तस्कर गिरफ्तार

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच और थाना सजेती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 450 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई एडीसीपी साउथ सुमित सुधाकर रामटेके के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन व्हाइट पाउडर’ के तहत की गई। पुलिस ने इस मामले में जयपुर निवासी रामसुमेर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने अनूपपुर-परास रोड पर बरीपाल और कुरिया गांव के बीच एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कंटेनर के अंदर एक गुप्त (सीक्रेट) कम्पार्टमेंट पाया गया, जिसे खोलने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस इस खुलासे से हैरान रह गई। एडीसीपी साउथ सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि यह गांजा उड़ीसा के नवरंगपुर से लाया गया था और इसे बेहद चालाकी से कंटेनर के भीतर बनाए गए छिपे हुए हिस्से में रखा गया था, ताकि जांच से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित तस्करी गिरोह का हिस्सा प्रतीत हो रहा है, जो अलग-अलग राज्यों के बीच नशीले पदार्थों की आपूर्ति में शामिल है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी रामसुमेर से पूछताछ जारी है, और उसके संपर्कों तथा सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी संभव है। इस कार्रवाई को पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता बताया है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *