राहुल गांधी का बड़ा दावा- चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी विपक्ष को दे रहे अंदरूनी जानकारी, बोले- ढहने वाला है पूरा ढांचा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। अपनी यात्रा के दौरान वह भारत की चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। अब शिकागो यूनिवर्सिटी में दिए गए अपने ताजा बयान में राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के भीतर के वरिष्ठ अधिकारी अब दबाव से परेशान हो चुके हैं और विपक्ष को अंदरूनी जानकारियां दे रहे हैं।
शिकागो यूनिवर्सिटी में पॉलिटिकल साइंस के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने यह भी स्पष्ट किया कि तमाम कथित अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद विपक्ष चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा। उनका कहना है कि अगर विपक्ष चुनाव में हिस्सा लेना बंद कर देता है, तो इससे देश का लोकतांत्रिक ढांचा कमजोर होगा और चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़े होंगे।
चुनाव आयोग के भीतर से ही मिल रही जानकारियां: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें चुनाव आयोग के भीतर से ही जानकारियां मिल रही हैं। उनके मुताबिक, आयोग के वरिष्ठ अधिकारी अब कहने लगे हैं कि वे इस तरह और काम नहीं कर सकते और मौजूदा व्यवस्था का ढहना केवल समय की बात है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह बिना पुख्ता सबूतों के भारतीय लोकतंत्र पर सवाल नहीं उठाते। विपक्ष की रणनीति चुनाव में हो रही कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाने और इस मुद्दे पर लगातार चर्चा जारी रखने की है। उनका मानना है कि लोगों के सामने तथ्यों को रखने से उन्हें खुद व्यवस्था की स्थिति का अहसास होगा।
राहुल गांधी ने बताई विपक्ष की रणनीति
शिकागो यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा, “हमारे लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है। मेरे लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है, जब तक कि मेरे पास 100%..200%..300% सबूत न हों। अगर हम यह कहें कि हम चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगे तो भारतीय लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा और हम भारतीय लोकतंत्र के ढांचे को नष्ट नहीं करना चाहते। इसलिए हमारी रणनीति यह है कि जो कुछ भी हो रहा है उसे सबके सामने लाया जाए और लोगों के बीच बातचीत जारी रखी जाए। जब तक कि भारतीय जनता को यह एहसास न हो जाए कि पूरी व्यवस्था बर्बाद हो चुकी है।”
बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान चुनावों में ‘वोट चोरी’ और धांधली का दावा किया था। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी और कांग्रेस नेता पर निशाना साधा था।
चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहते: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे कहा कि विपक्ष चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहता। उनके मुताबिक, अगर विपक्ष यह घोषणा कर दे कि वह चुनाव नहीं लड़ेगा, तो जनता की नजर में पूरी चुनावी प्रक्रिया अवैध हो सकती है।
उन्होंने कहा, “हम चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहते क्योंकि अगर विपक्ष यह घोषणा कर दे कि वह चुनाव नहीं लड़ेगा तो भारतीय जनता की नजर में पूरी चुनावी प्रक्रिया ही अवैध हो जाएगी। हम ऐसा नहीं चाहते…है ना? इसलिए, भले ही हमें और पूरे विपक्ष को इस वजह से बहुत नुकसान उठाना पड़ा है, फिर भी हम जानबूझकर ऐसा कदम नहीं उठा रहे हैं।”
राहुल गांधी ने एक बार फिर दावा किया कि उन्हें चुनाव आयोग के भीतर से जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि आयोग के वरिष्ठ अधिकारी अब यह कह रहे हैं कि वे इस तरह और काम नहीं कर सकते। राहुल के मुताबिक, यह लंबा संघर्ष है, लेकिन विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी बनाए रखते हुए चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को जनता के सामने उठाता रहेगा।
