ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भारत-श्रीलंका की नौसेनाओं ने त्रिंकोमाली बंदरगाह पर समुद्र में लगाए गोते

भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस निरीक्षक ने एक सप्ताह तक त्रिंकोमाली बंदरगाह पर श्रीलंकाई नौसेना के साथ समुद्र में गोते लगाने का अभ्यास किया। दोनों नौसेनाओं की गोताखोर टीमों ने व्यापक बंदरगाह पर समुद्र में गोते भी लगाए। त्रिंकोमाली के अधिकारियों ने जहाज का दौरा किया, जिन्हें गोताखोरी क्षमता के बारे में जानकारी दी गई। श्रीलंका की नौसेना ने नौसैनिक परंपरा के अनुसार त्रिंकोमाली बंदरगाह से रवाना होने पर भारतीय जहाज को पारंपरिक विदाई दी।

नौसेना कमांडर विवेक मधवाल ने बताया कि भारतीय नौसेना का गोताखोरी सहायता और पनडुब्बी बचाव पोत आईएनएस ‘निरीक्षक’ औपचारिक यात्रा पर 14 सितंबर को त्रिंकोमाली पहुंचा था। श्रीलंका की नौसेना के साथ एक सप्ताह तक गोता प्रशिक्षण अभ्यास किया गया। दोनों नौसेनाओं की गोताखोर टीमों ने व्यापक बंदरगाह पर समुद्री गोते लगाए। इसके अलावा जहाज के चालक दल और श्रीलंकाई नौसैन्य कर्मियों के बीच पारस्परिक हित के विभिन्न पहलुओं पर क्रॉस प्रशिक्षण सहित कई मुद्दों पर बातचीत हुई। त्रिंकोमाली के जूनियर कमांड एंड स्टाफ कॉलेज के अधिकारियों ने जहाज का दौरा किया, जिन्हें गोताखोरी क्षमता के बारे में जानकारी दी गई।

पूर्वी नौसेना क्षेत्र के कमांडर रियर एडमिरल पीएस डी सिल्वा ने जहाज का दौरा किया और श्रीलंकाई गोताखोरों के प्रशिक्षण के लिए भारतीय नौसेना के समर्थन की सराहना की। उन्होंने दोनों नौसेनाओं के बीच सर्वोत्तम प्रथाओं और पेशेवर विशेषज्ञता के आदान-प्रदान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। प्रशिक्षण गतिविधियों के अलावा त्रिंकोमाली के एक स्कूल में सामाजिक आउटरीच गतिविधि आयोजित की गई। अंतरराष्ट्रीय तटीय सफाई दिवस के अवसर पर डच बीच पर संयुक्त समुद्र तट सफाई अभियान चलाया गया। जहाज आगंतुकों के लिए खुला था और 1500 से अधिक कर्मियों ने जहाज का दौरा किया।

श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा कि अपनी आधिकारिक यात्रा समाप्त करके भारतीय जहाज 21 सितंबर को त्रिंकोमाली से रवाना हुआ। श्रीलंका नौसेना ने त्रिंकोमाली बंदरगाह पर नौसैनिक परंपरा के अनुसार प्रस्थान करने वाले जहाज को पारंपरिक विदाई दी। इस यात्रा के दौरान श्रीलंका नौसेना डाइविंग यूनिट के साथ विभिन्न गोताखोरी प्रशिक्षण गतिविधियों में शामिल हुआ। मेहमान जहाज के चालक दल ने त्रिंकोमाली में दर्शनीय स्थलों की यात्रा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रयासों के साथ-साथ बास्केटबॉल खेल, योग सत्र और समुद्र तट की सफाई के प्रयास जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *