ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उप्र के शिक्षकों को ट्रेंड करेंगे आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञ

बच्चों के शिक्षित होने के लिए आवश्यक है कि शिक्षक योग्य हों। योगी सरकार ने अब इसी दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उत्तर प्रदेश के विशेष योग्यता वाले शिक्षकों को योगी सरकार आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञों के माध्यम से प्रमुख विषयों खासकर स्टेम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, आर्ट्स और मैथ) में दक्ष बनाएगी और फिर इसका लाभ अन्य शिक्षकों और छात्रों तक पहुंचेगा। योजना के तहत आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञों द्वारा कुल 80 ऑनलाइन सेशन आयोजित किए जाएंगे और प्रत्येक सप्ताह एक सेशन का आयोजन होगा।

पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश के विशेष योग्यता वाले शिक्षकों के लिए आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञों ने कार्यशाला का आयोजन किया था। इस बार अब ऑनलाइन माध्यम से लाइव सेशन के जरिए प्रदेश के शिक्षकों को जानकारी दी जायेगी।

प्रत्येक गुरुवार को आयोजित होंगे सत्र

महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरण आनंद ने बताया कि प्रदेश के विज्ञान तथा गणित के एआरपी,एसआरजी तथा मास्टर ट्रेनर्स के लिए आईआईटी गांधीनगर, गुजरात द्वारा 80 ऑनलाइन सत्र संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह ऑनलाइन सत्र प्रत्येक सप्ताह गुरुवार के दिन शाम 3 से 4 बजे के मध्य संचालित होंगे। इसी क्रम में प्रथम सत्र का आयोजन 20 जुलाई को शाम 3 से 4 के बीच होगा। इसके बाद हर हफ्ते गुरुवार को ऑनलाइन सत्र संचालित होंगे।

इन सत्रों में जनपद के समस्त एसआरजी, एआरपी, मास्टर्स ट्रेनर्स, गणित, विज्ञान के शिक्षक व शिक्षिकाओं को अनिवार्य रूप से हिस्सा लेना होगा। इन सत्रों में कागज से गणित के खेल, मोमबत्ती से विज्ञान, पहाड़े का गणित, स्कूल के आंगन में छिपा जीव विज्ञान जैसी थीम पर सत्रों का आयोजन किया जाएगा।

विज्ञान तथा गणित को रोचक एवं सरल तरीके से कक्षाओं में बताने तथा शिक्षकों के क्षमता संवर्द्धन के लिए विभिन्न तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *