ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार

सिरसा,3 जून । शहर की बदहाल सीवरेज व सफाई व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बिजली के अघोषित कट सहित कई जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस तमाम कार्यकर्ता स्व. पंडित होशियारी लाल शर्मा कांग्रेस कार्यालय पर सुबह एकत्रित हुए। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर सबने मंत्रणा की। इस मौके पर राजकुमार शर्मा ने कहा कि पूरा शहर सरकार व प्रशासन की अनदेखी के चलते नरक भोगने पर मजबूर है। यहां के विधायक करोड़ों रुपये के योजनाएं-परियोजनाएं लाने के बयान ही देते हैं, जबकि हकीकत यह है कि विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। गलियों-कालोनियों में सीवरेज उफान मार रहे हैं। बिजली मंत्री के गृह जिला में बिजली के अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। नगरपरिषद में भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है और भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरो टॉलरेंस का ढोल पीटते घूम रही है।

शर्मा ने कहा कि यह सरकार जुमलों की सरकार बनकर रह गई है।

इस बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की तमाम समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिल कर ज्ञापन देने के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने भगवान परशुराम चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिद के बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान राजकुमार शर्मा व अन्य कार्यकर्ताओं ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साथ ही क्षेत्रीय विधायक को भी खूब कोसा।

पुलिस ने जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया, उनमें राजकुमार शर्मा, सुभाष जोधपुरिया, सुमित बैनीवाल, राजेश शर्मा, मोहित शर्मा, आजाद केलनियां, गजानंद सोनी, राजरानी जिंदल, विनोद हिटलर, दीपक फुटेला, हरबंस बेगू, हर्ष, मुकेश वर्मा आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *