ICC T20I रैंकिंग में इतिहास: श्री चरणी बनीं दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज, भारत को मिला बड़ा गर्व
नई दिल्ली
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर श्री चरणी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ICC महिला T20I गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान प्राप्त कर लिया है। 21 वर्षीय इस गेंदबाज ने अपने छोटे से अंतरराष्ट्रीय करियर में ही दुनिया की शीर्ष गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया है। श्री चरणी के पास इस समय 753 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 3 मैचों में 10 विकेट चटकाए, जिसका सीधा फायदा उन्हें ICC रैंकिंग में मिला।
तेज़ी से उभरीं टॉप पर
श्री चरणी ने पिछले साल 28 जून को अंतरराष्ट्रीय T20 डेब्यू किया था और महज एक साल के भीतर ही वह दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने इंग्लैंड की लिंसे स्मिथ को पीछे छोड़कर यह उपलब्धि हासिल की है। नई रैंकिंग में इंग्लैंड की चार्ली डीन 733 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि लिंसे स्मिथ 726 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई हैं। वहीं सोफी एक्लेस्टोन भी चार स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर आ गई हैं।
अन्य गेंदबाजों की रैंकिंग में भी बदलाव
वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज 11वें स्थान पर पहुंची हैं, ऑस्ट्रेलिया की किम गार्थ 20वें स्थान पर हैं, पाकिस्तान की फातिमा सना 25वें और आयरलैंड की ओर्ला प्रेंडरगैस्ट 26वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी भारत को फायदा
महिला T20 बल्लेबाजों की सूची में ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वोल नंबर-1 बनी हुई हैं, जबकि बेथ मूनी दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। भारत की शैफाली वर्मा एक स्थान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एक स्थान ऊपर चढ़कर अब 10वें स्थान पर आ गई हैं।
भारत के लिए बड़ा संकेत
श्री चरणी का नंबर-1 गेंदबाज बनना भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनका लगातार शानदार प्रदर्शन टीम इंडिया की गेंदबाजी ताकत को और मजबूत कर रहा है।