ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मप्र में आज और तीखे होंगे गर्मी के तेवर, 18 जिलों में लू का रेड अलर्ट

मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। नौतपा के दौरान बीते चार दिन से सूरज के तेवर इतने तीखे रहे कि मानो आसमान से आग बरस रही हो। मौसम विभाग का कहना है कि आज (बुधवार को) भी गर्मी के तेवर इसी तरह बने रह सकते हैं, लेकिन गुरुवार से तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है। भोपाल मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा ग्वालियर, निवाड़ी समेत 18 जिलों में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहीं 21 जिलों में लू का ऑरेंज और यलो अलर्ट है।

वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में पड़ोसी राज्य राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में हैं। हवाओं का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। दिन में 13 घंटे से अधिक समय तक धूप बनी रहने और लगातार गर्म हवाएं चलने के कारण प्रदेश के अधिकतर शहरों में लू या लू जैसे हालात बने हुए हैं। बुधवार को भी मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रह सकता है। उधर, पश्चिमी विक्षोभ अब आगे बढ़ रहा है। साथ ही गुरुवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने जा रहा है। इस वजह से हवाओं का रुख बदलने की संभावना है। इस वजह से गुरुवार से अधिकतम तापमान में कुछ कमी आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को प्रदेशभर में भीषण गर्मी रही। दोपहर में चार शहरों में तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया। प्रदेश के निवाड़ी जिले का पृथ्वीपुर लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म रहा। यहां प्रदेश में सर्वाधिक 48.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया में 48.4, रीवा में 48.2 एवं खजुराहो में 48 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मंलवार को टॉप-10 सबसे गर्म शहरों में ग्वालियर, टीकमगढ़, सतना, नौगांव, सिंगरौली और राजगढ़ भी शामिल रहे। ग्वालियर में 47.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 47.2 डिग्री, सतना, नौगांव-सिंगरौली में 47.1 डिग्री और राजगढ़ में पारा 46.8 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के 26 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार ही रहा। वहीं, मंगलवार को प्रदेश के 20 शहरों में भीषण लू का असर रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से में भीषण गर्मी है। अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी का असर बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *