ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राज्यपाल ने गुरुपर्व पर गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था, श्रमिकों की सकुशल निकासी की प्रार्थना की

राज्यपाल ने सोमवार को गुरु पर्व के अवसर पर रायपुर रोड, देहरादून स्थित नानकसर सत्संग सभा गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और कीर्तन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान राज्यपाल ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों के जल्द से जल्द सकुशल बाहर निकलने के लिए भी प्रार्थना की।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव के ज्ञान का प्रकाश आज भी पूरी मानवता को प्रकाशित कर रहा है। गुरु नानक देव ने मानवता, वैश्विक बन्धुत्व, एकता और सेवा का संदेश दिया जो आज भी प्रासंगिक है।

राज्यपाल ने कहा की गुरुनानक देव ने अपने मूल मंत्र में सबका भला और सब कुछ तेरा को जो संदेश दिया है, वह सबसे बड़ा संदेश है।

राज्यपाल ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों के जल्द से जल्द सकुशल बाहर निकलने के लिए भी प्रार्थना कर बताया कि उन्हें सकुशल निकालने के लिए सभी एजेंसियों की ओर से बहुत सुनियोजित तरीके से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। एजेंसियां अनेक विकल्पों पर भी प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि इस समय की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने की है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी श्रमिक जल्दी ही कुशलतापूर्वक बाहर निकल जाएंगे।

इस मौके पर राज्यपाल की धर्मपत्नी गुरमीत कौर, गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी के सदस्य और अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *