ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

संजय सिंह के घर पर ईडी के छापे पर बोली भाजपा, कहा- शराब घोटाले के मुख्य सरगना हैं अरविंद केजरीवाल

भारतीय जनता पार्टी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आम आदमी पार्टी को वसूली करने वाली पार्टी बताया। बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने मुख्यमंत्री आवास को घोटाले और वसूली का अड्डा बना दिया है जहां बैठकर उनके इशारे पर उनकी पार्टी के सांसद संजय सिंह वसूली करते हैं। आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह के आवास पर जांच एजेंसी ईडी के छापे पर प्रतिक्रिया देते हुए गौरव भाटिया ने अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए इस मामले में तुरंत प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बात कही और 32 लाख रुपये की सच्चाई सभी के सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपी दिनेश अरोड़ा ने केजरीवाल को 32 लाख रुपये देने का दावा किया है, तो सच्चाई सभी के सामने आनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की साढ़ेसाती कट्टर ईमानदार अरविंद केजरीवाल पर असर कर रही है। आज उनके बाएं हाथ संजय सिंह के यहां भी जांच एजेंसियों ने छापा मारा है। देश और दिल्ली की जनता जानती है कि शराब घोटाले के मुख्य सरगना अरविंद केजरीवाल है। अपने आप को आम आदमी बताने वाले ये लोग अब इतने खास हो गए हैं कि ये करोड़ों का शराब घोटाला करते हैं और फिर कहते हैं कि हम पर कार्रवाई राजनीतिक द्वेष के कारण हो रही है।

न्यूज क्लिक पर हो रही कार्रवाई पर गौरव भाटिया ने कहा कि पत्रकारिता का चोगा ओढ़कर भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त कुछ लोग चीन से आर्थिक सहायता ले रहे हैं। राष्ट्र सुरक्षा से जुड़े गंभीर आरोपों के आधार पर न्यूज क्लिक पर कार्रवाई हो रही है। इस मामले में पत्रकारिता को बदनाम करने वाले कुछ पत्रकारों और घमंडिया गठबंधन के कुछ नेताओं का घिनौना चेहरा सामने आया है।

उल्लेखनीय है कि न्यूजक्लिक पर चीन के समर्थन में प्रचार करने के लिए धन लेने का आरोप लगाए जाने के बाद कार्रवाई की गई। यह वेबसाइट भारत में चीन समर्थक प्रचार के लिए अमेरिकी करोड़पति नेविले रॉय सिंघम से कथित तौर पर धन प्राप्त करने को लेकर हाल में सुर्खियों में आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *