ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

फतेहाबाद: सैनिक ने प्रेमिका की हत्या कर शव काे बाेरी में डाल घग्घर में फेंका था

फतेहाबाद, 13 जुलाई । जिले के रतिया क्षेत्र में फरवरी माह में हुई युवती की हत्या मामले में पुलिस ने पड़ोसी गांव के फौजी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों में प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई है और युवती शादीशुदा फौजी पर विवाह के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो फौजी ने चुन्नी व चार्जर की तार से उसका गला घोटकर मार डाला। घटना 4-5 फरवरी की बताई जा रही है। इसके बाद उसे बोरी में डालकर घग्घर में उसका शव फैंक दिया। बाद में 15 फरवरी को रतिया क्षेत्र से गुजर रही घग्घर नदी में बोरी में शव मिला तो फिर मामले का खुलासा हुआ, हालांकि आरोपी अभी तक आरोपी तक नहीं पहुंच पाई थी। अब जाकर पुलिस ने आरोपी फौजी को गिरफ्तार कर लिया है।

शनिवार को डीएसपी संजय बिश्नोई ने बताया कि 15 फरवरी को रतिया से गुजर रही घग्घर में एक बोरी में लाश मिली थी। पुलिस ने लाश को बरामद कर जांच की तो हत्या का मामला सामने आया था। बाद में 15 फरवरी के आसपास टोहाना के मंघेड़ा निवासी एक परिवार ने युवती की शिनाख्त उनकी बेटी 24 वर्षीय गोशा के रूप में की थी और बताया था कि उनकी बेटी टोहाना के एक अस्पताल में स्टाफ नर्स के तौर पर काम करती है और 4 फरवरी को वह घर से यह कहकर गई थी कि उसकी 24 घंटे की ड्यूटी है। 5 फरवरी को वह वापस नहीं आई तो उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी थी। बाद में शव मिलने के बाद हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया गया था।

इसके बाद टोहाना और रतिया पुलिस ने तफ्तीश की तो पता चला कि पास के ही गांव जाबतेवाला का एक फौजी रामफल युवती के संपर्क में था और उन्हीं दिनों वह छुट्टी पर गांव आया हुआ था। जिस पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ, लेकिन वह अपनी ड्यूटी पर सेना में जा चुका था। पुलिस उससे संपर्क बनाने में जुटी हुई थी। अब फिर वह जैसे ही छुट्टी पर गांव आया तो पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया और मामले का खुलासा होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसपी ने बताया कि फौजी ने पूछताछ में बताया कि उसकी युवती से मित्रता थी और वह शादीशुदा है। उसने बताया कि दोनों स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। बाद में वह सेना में चला गया और लडक़ी अस्पताल में नर्स लग गई थी। इसके बाद भी दोनों में मित्रता चलती रही। युवती के परिवार जब उसकी शादी करना चाह रहे थे तो वह कहीं ओर शादी न करके उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। इसके बाद उसने उसे रास्ते से हटाने की सोची। उसने बताया कि 4 फरवरी को वह युवती को फतेहाबाद में फिल्म दिखाने के बहाने अपनी कार में टोहाना से ले आया था। जहां रास्ते में उसने युवती की चुन्नी और चार्जर की तार से उसका गला घोंट दिया और फिर उसे बोरी में डालकर घग्घर में फेंक दिया। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गाड़ी चला रहा एक और शख्स भी साथ था, पुलिस उसको भी हिरासत में लेगी। इसके अलावा दो-तीन अन्य लोग भी संलिप्त हो सकते हैं। फिलहाल आज पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लेगी, ताकि उससे और गहनता से पूछताछ की जा सके और हत्या मामले में और कौन कौन शामिल है, उसके बारे में पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *