ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी से रंगदारी की मांग और जान से मारने की धमकी

मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी को अज्ञात शख्स ने ईमेल भेजकर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। इस ईमेल की शिकायत अंबानी के सुरक्षा प्रमुख ने गांवदेवी पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई है। इस धमकी की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस सतर्क हो गई और अंबानी के आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।

पुलिस के अनुसार मुकेश अंबानी के ईमेल पर शुक्रवार को रंगदारी और धमकी भरा ईमेल आया था। अंबानी को मिले ईमेल में कहा गया है, ”अगर तुम हमें 20 करोड़ रुपये नहीं दोगे तो हम तुम्हें मार देंगे, हमारे पास भारत के सबसे अच्छे शूटर हैं।” इस ईमेल की छानबीन शुरू कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक ईमेल भेजने वाले का पता नहीं चल सका है।

उल्लेखनीय है कि मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पिछले साल बिहार के दरभंगा से आरोपित राकेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया था। छानबीन में पता चला कि गरीबी से तंग आकर उसने मुकेश अंबानी को धमकी दी थी। इसी तरह फरवरी 2021 में मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर एक स्कॉर्पियो कार मिली थी, जिसमें 20 विस्फोटक जिलेटिन की छड़ें और एक धमकी भरा पत्र था। पत्र में लिखा था, “यह सिर्फ एक ट्रेलर है।” इस मामले में मुंबई पुलिस के कई अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में निलंबित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *