ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लखनऊ में दिव्यांगजनों ने की पदयात्रा, मंत्री और अधिकारी भी हुए शामिल

राजधानी लखनऊ में रविवार को दिव्यांगजनों ने पदयात्रा की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस आयोजन में विभाग के मंत्री व अधिकारी भी शामिल हुए और दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के साथ खड़े होकर उनके हितों का ध्यान रख रही है। दिव्यांगजनों को हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्रदान किये जा रहे हैं। उनके आवागमन को सुगम बनाया जा रहा है। इसके अलावा दिव्यांगजनों को प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा देकर शिक्षित किया जा रहा है। रोजगार प्रशिक्षण देकर दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर प्रदान किये जा रहे हैं। दिव्यांग पेंशन के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। मंडल एवं जनपद स्तर पर दिव्यांगजनों के लिए कायर्क्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जिससे वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

दिव्यांगजन मंत्री ने एमफी० थियेटर, डाॅ. राम मनोहर लोहिया पार्क, गोमतीनगर, लखनऊ में आयोजित पदयात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालिका इण्टर काॅलेज की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत (झूम-झूमों रे सखी री) गाकर स्वागत किया गया तथा स्टेज परफार्मेन्स में राजकीय संकेत विद्यालय के बालकों द्वारा मां तुझे सलाम गीत पर डान्स किया गया। स्वैच्छिक संस्था स्टडी हॉल के दिव्यांग बच्चों ने गीत (के सरा-सरा) गाए। परवरिश स्कूल के ऑटिज्म दिव्यांगता से ग्रसित बच्चों ने गीत गाए। बचपन डे केयर सेन्टर के दिव्यांग बच्चों ने योग का प्रस्तुतीकरण किया।

पदयात्रा में 21 प्रकार की दिव्यांगता से ग्रसित दिव्यांगजन एवं उनके साथ सहयोगी शामिल हुए। कार्यक्रम में कुल 27 विद्यालय व स्वैच्छिक संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। इस प्रकार लगभग 600 से अधिक व्यक्तियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

समावेशी प्रदेश उत्तर प्रदेश पदयात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम दिव्यांगता के क्षेत्र में जनपद लखनऊ में कार्यरत स्वैच्छिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थाओं, समाजसेवी कार्यकर्ताओं, दिव्यांगजन के सहयोग एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के समन्वय द्वारा समावेशी परिकल्पना से युक्त (समावेशी प्रदेश उत्तर प्रदेश) थीम पर समावेशी परिकल्पना को धरातल पर साकार करने एवं समाज को एक संदेश देने के उद्देश्य से सभी प्रकार के दिव्यांगजनों को लेकर वाकॅथान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण सुभाष चन्द्र शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *