ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भाजपा में शामिल हुए दारा सिंह चौहान, बोले तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे नरेन्द्र मोदी

पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान ने अपने समर्थकों के साथ सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। प्रदेश मुख्यालय पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक की उपस्थिति में दारा सिंह चौहान को पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।

दारा सिंह चौहान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी हिन्दुस्थान के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। जिस तरह की हलचल पूर्वांचल में है उससे यह स्पष्ट हो रहा है कि उत्तर प्रदेश की 80 की 80 लोकसभा सीटें भाजपा की झोली में जायेंगी।

उन्होंने कहा कि जब नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री नहीं बन जाते तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। हमारे एक-एक कार्यकर्ता भाजपा को जिताने और मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे। दारा सिंह चौहान ने कहा कि मोदी और योगी के नेतृत्व में गरीब कल्याण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से देश की कोई ताकत नहीं रोक सकता।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने दारा सिंह चौहान का स्वागत करते हुए कहा कि आपके आने से भाजपा की विकास यात्रा को मजबूती मिलेगी। लोकसभा चुनाव में हम अपने संकल्प को पूरा करेंगे।

2024 में यूपी में 80 लोकसभा सीटें जीतेगी भाजपा : केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2024 में एकतरफा कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत निरन्तर बढ़ रही है। 2014 में उत्तर प्रदेश में 73 सांसद भाजपा गठबंधन के जीते थे। 2024 में विश्व के सबसे शक्तिशाली व भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में 73 के आंकड़े को पार करते हुए 80 की 80 लोकसभा हम जीतेंगे।

सर्व समाज के लोग भाजपा के साथ जुड़ रहे : ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजग का परिवार निरन्तर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सर्व समाज के लोग भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। नरेन्द्र मोदी को हर व्यक्ति अपना अभिभावक मानता है। दारा सिंह चौहान को मैं भरोसा दिलाता हूं कि आपको पूरी तरह सम्मान भाजपा में मिलेगा।

इस अवसर पर राज्य मंत्री गिरीशचन्द्र यादव, राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *