ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कांग्रेस कमेटी द्वारा ‘‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’’ के तहत संविधान महासम्मेलन हुआ आयोजित

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा लखनऊ के अंतर्गत बक्शी का तालाब स्थित जलालपुर के आम्बेडकर मैदान में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी कार्यक्रम ‘‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’’ के तहत संविधान महासम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ और अन्य प्रदेश के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन बख्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रहे ललन कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत बाबा साहब डा0 भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जबसे भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है, तब से लगातार बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान पर हमला किया जा रहा है। इनकी पहले दिन से मंशा रही है कि किसी तरह से संविधान को बदल कर आरएसएस की विचारधारा को लागू किया जाए। इन लोगों को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और संविधान से नफरत है, बाबा साहब के आदर्शाे से नफरत है। इसीलिए संसद में गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी कुंठा ज़ाहिर करते हुए बाबा साहब का अपमान किया।

आगे उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का यह बयान कहीं ना कहीं उनकी मानसिकता को उजागर करता है और यह दर्शाता है कि यह लोग कितना ज्यादा संविधान का विरोध करते हैं। यही नहीं उन्होंने कहा कि जिस तरह से आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करते हुए पूरे देश का अपमान किया, यह बेहद शर्मनाक है। अभी तक मोहन भागवत पर एफआईआर दर्ज नहीं किया गया ना ही कोई कार्रवाई की गई। जिनका देश की आजादी में और देश को बनाने में कोई योगदान नहीं रहा, जिन्होंने अंग्रेजों की मुखबिरी की, आज वो स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान कर रहे हैं और उनकी कुर्बानियों को झुठला रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि केंद्र और प्रदेश में अत्याचार, अन्याय करने वाली सरकार है, ये लोग अमीर उद्योगपतियों की कठपुतली के तौर पर काम करते हुए गरीबों पर जुल्म और ज्यादती करते हैं। भक्तिखेड़ा गांव की जमीन अडानी खरीद रहा है, गरीबों की जमीन हड़पने की कोशिश की जा रही है लेकिन सारे दल चुपचाप अडानी के घोटाले को देख रहे हैं। अकेले श्री राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों का विरोध कर रहे हैं, उनके खिलाफ लड़ाई लड़ रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *