ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सीएम योगी की परिवहन विभाग को सख्त हिदायत, ‘मेड इन यूपी’ ई-बसों को प्राथमिकता

लखनऊ, 22 अगस्त 2025:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में परिवहन विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में ई-बसों की खरीद में ‘मेड इन यूपी’ को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि नई बसें यथासंभव उत्तर प्रदेश में ही निर्मित हों, ताकि राज्य की औद्योगिक प्रगति को गति मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें।बस स्टेशनों के विकास में तेजी लाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने बस स्टेशनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही, राजस्व बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।
रक्षाबंधन पर 78 लाख लोगों ने उठाया मुफ्त यात्रा का लाभ
सीएम योगी ने रक्षाबंधन के मौके पर माताओं-बहनों और उनके एक सहयात्री को UPSRTC और सिटी बसों में तीन दिन की मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाने वाले 78 लाख से अधिक लोगों पर प्रसन्नता जताई।
पीपीपी मॉडल पर बनेंगे विश्वस्तरीय बस टर्मिनल
बैठक में बताया गया कि UPSRTC 23 बस स्टेशनों को पीपीपी मॉडल पर विश्वस्तरीय टर्मिनल के रूप में विकसित कर रहा है। दूसरे चरण में 54 और बस स्टेशनों का विकास प्रस्तावित है, जबकि 50 बस स्टेशनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा, 8 शहरों में इलेक्ट्रिक डिपो स्थापित किए जा रहे हैं, जहां 240 किलोवाट क्षमता के 4 से 8 यूनिवर्सल चार्जर लगाए जाएंगे। सीएम ने सुगम आवागमन के लिए नए रूट चिन्हित करने और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
37.9 लाख नए वाहन पंजीकृत, ई-वाहनों को बढ़ावा
परिवहन विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश में 37.9 लाख नए वाहन पंजीकृत हुए, जबकि चालू वित्तीय वर्ष के जून तक 11 लाख से अधिक वाहनों का पंजीकरण हो चुका है। इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन के लिए 942 करोड़ रुपये से अधिक की कर छूट दी गई है। सड़क सुरक्षा के लिए ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ नीति लागू है। सीएम ने दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
यह कदम न केवल उत्तर प्रदेश में परिवहन सेवाओं को मजबूत करेंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और सड़क सुरक्षा को भी नई दिशा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *